विकास कुमार
टाइटैनिक हादसे की यादें एक बार फिर से ताजा हो गई हैं। टाइटैनिक जहाज के डूबने का किस्सा आपको पता ही होगा। एक सौ 12 साल पहले एक विशालकाय जहाज समंदर में समा गया था। इस हादसे में करीब पंद्रह सौ लोग मारे गए थे। साल 1912 में 14-15 अप्रैल की दरमियानी रात अटलांटिक महासागर में यह जहाज़ एक आइसबर्ग यानी हिमखंड से टकराया।हिमखंड से टकराने के बाद टाइटैनिक जहाज समंदर की अथाह गहराइयों में समा गया। अब इसी हादसे से जुड़ा टूरिस्ट पनडुब्बी टाइटन भी समंदर में समा गया है। इस हादसे में भी पांच लोगों की मौत हो गई। समंदर के नीचे दबे टाइटैनिक के मलबे को देखने पांच लोग गए थे।
टाइटन सबमर्सिबल टाइटैनिक के मलबे को दिखाने पांच लोगों के लिए गई थी। बीते 18 जून को ओशन गेट की पनडुब्बी ‘टाइटन’ टाइटैनिक के सफर पर निकली थी। टाइटन को कनाडा के न्यूफ़ाउंडलैंड से सात सौ किलोमीटर दूर डूबे हुए जहाज टाइटैनिक के मलबे के पास जाना था। लेकिन सफर पर निकली इस पनडुब्बी का संपर्क महज एक घंटे 45 मिनट में ही टूट गया। टाइटन का संपर्क समुद्र के ऊपर मौजूद उसके जहाज, पोलर प्रिंस से टूटने के बाद हड़कंप मच गया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में टाइटन पनडुब्बी में सवार पांच लोगों की मौत हो गई।
टाइटन पनडुब्बी में सवार सभी पांच लोग जाने-माने अरबपति थे। इसमें ओशनगेट के सीईओ स्टॉकटन रश, शहजादा दाऊद और उनके बेटे सुलेमान दाऊद, हामिश हार्डिंग और पॉल-हेनरी नार्जियोलेट की मौत हो हो गई।
अटलांटिक महासागर में हजारों फीट की गहराई पर पनडुब्बी टाइटन के साथ हुए हादसे की असल वजह क्या थी। ये तो एक व्यापक जांच के बाद ही मालूम चलेगा, लेकिन टाइटैनिक फिल्म के डायरेक्टर जेम्स कैमरन ने दावा किया है कि टाइटन इंप्लॉजन का शिकार हुई है। इंप्लॉजन माने एक उलटा विस्फोट, जो अंदर की तरफ से हुआ हो। समंदर के पानी के भारी-भरकम दबाव ने जैसे पनडुब्बी को मसल दिया हो। इसके बाद उसमें मौजूद हवा इस तेज़ी से कंप्रेस हुई कि यह आग का गोला बन गया। अलग अलग लगने वाली ये घटनाएं इतनी तेज़ी से हुईं कि पल-भर में पांचों लोगों की मौत हो गई। टाइटन के साथ हुए हादसे के बाद पूरी दुनिया में एक्सप्लोरेशन को लेकर बहस छिड़ी हुई है। लेकिन इस तरह के एडवेंचर में जान का जोखिम लेना कभी भी खतरे से खाली नहीं होता। इस हादसे के बाद लोग आज एक बार फिर टाइटैनिक से जुड़ी बदकिस्मती की चर्चा कर रहे हैं। टाइटन भी लगता है इसी बदकिस्मती का शिकार हो गया।

