नेपाल में विमान हादसा, पांच भारतीय समेत 72 यात्री थे सवार, अब तक 62 शव बरामद

0
200

न्यूज डेस्क: नेपाल में रविवार सुबह भीषण विमान हादसा हुआ है। विमान में 5 भारतीयों सहित 68 यात्री सवार थे। कुल 68 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर समेत 72 लोगों को ले जा रहा ये विमान पोखरा एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरने वाला येती एयरलाइंस का एटीआर-72 विमान रविवार सुबह 11 बजे कास्की जिले के पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बचाव में लगे अधिकारियों ने बताया है कि अब तक 62 लोगों के शव निकाले गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि किसी के जिंदा बचने की गुंजाइश बहुत कम है। येती एयरलाइंस के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

उड़ान भरने के 20 मिनट बाद हुआ हादसा

येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि पुराने हवाईअड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 68 यात्रियों के साथ विमान ने काठमांडू से पोखरा के लिए उड़ान भरी थी। लगभग 20 मिनट बाद ये विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जो कि अपने गंतव्य से कुछ किलोमीटर दूर था। विमान दुर्घटना की जगह पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि विमान गिरने के बाद उसमें भयंकर आग लगी थी।

 

विमान में पांच भारतीयों समेत दस विदेश नागरिक थे सवार

येती एयरलाइंस के दुर्घटनाग्रस्त विमान पर सवार 68 यात्रियों में से 10 विदेशी नागरिक थे। जिनमें 5 भारतीय भी थे। येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा कि विमान पर 2 शिशुओं सहित 10 विदेशी नागरिक सवार थे। विमान में 53 नेपाली, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, 2 कोरियाई, 1 अर्जेंटीनी और एक फ्रांसीसी नागरिक सवार थे।

तकनीकी खराबी के कारण हुआ हादसा, नेपाल एयरपोर्ट ऑथरिटी का दावा

नेपाल की एयरपोर्ट ऑथरिटी का दावा है कि मौसम की खराबी नहीं बल्कि तकनीकी खराबी के कारण येती एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। ऑथरिटी ने दावा किया कि पायलट ने एटीसी से लैंडिंग परमिशन ले ली थी। पोखरा एटीसी से लैंडिंग के लिए ओके भी कह दिया गया था। सिविल एविएशन ऑथरिटी का कहना है कि लैंडिंग से ठीक पहले विमान में आग की लपटें दिखाई देने लगी थीं। इसलिए मौसम की खराबी के कारण दुर्घटना होने की बात नहीं कही जा सकती है। हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ है।

भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हादसे पर जताया खेद

भारत के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल के विमान हादसे पर दुख जाहिर करते हुए कहा “नेपाल में एक दुखद विमान दुर्घटना में जिंदगियों का नुकसान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरे विचार और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं,ओम शांति।

नेपाल में एक दिन का राष्ट्रीय शोक, पीएम प्रचंड करेंगे पोखरा का दौरा

पोखरा हवाई अड्डे पर येति एयरलाइंस के विमान दुर्घटना के बाद नेपाल सरकार ने कल एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ नेपाल के गृह मंत्री रबी लामिछाने के साथ आज पोखरा पहुंचेंगे। इस भयानक विमान हादसे के कारणों की जांच के लिए 5 सदस्यों की एक कमेटी का गठन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here