Weather Forecast Today
देश में मानसून आ चुका है और कई राज्यों में जोरदार बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली एनसीआर में आज यानी मंगलवार 2 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी के साथ अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बुधवार 3 जुलाई को भी भारी बारिश के साथ अधिकतम तापमान और घटकर 29 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 2 जुलाई को उत्तराखंड, असम, मेघालय जैसे अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। देश के इन राज्यों में आज सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात जैसे अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
इस बीच असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है और 6.44 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लगभग पूरा डिब्रूगढ़ शहर बाढ़ के पानी में डूब गया है। कम से कम आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जोरहाट जिले के नेमाटीघाट में ब्रह्मपुत्र अपने उच्चतम बाढ़ स्तर को पार कर गई है। आईएमडी ने असम में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक 1 जुलाई से 5 जुलाई तक असम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। गुवाहाटी में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।