IND vs NZ:भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने छह विकेट गंवाने के बाद भी दमदार वापसी करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 180 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत लड़खड़ा गई और 70 रन तक पांच विकेट गिर गए, लेकिन तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने अहम योगदान देकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
फिलिप्स और जैकब्स ने न्यूजीलैंड को संभाला
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआती तीन विकेट केवल 41 रन पर गंवा दिए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने शानदार पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फिलिप्स ने 43 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 70 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 46 गेंदों पर 58 रन जोड़े।
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट हासिल किए। भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।
तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की आधी टीम 70 रन के स्कोर तक पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे मुश्किल समय में नमन धीर ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाकर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं। इसके बाद तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाला। तिलक ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन की पारी खेली। दोनों के बीच तेज साझेदारी ने भारत को 19.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

