IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मैच में 6 विकेट से हराया, सीरीज में बनायी 2-0 की अजेय बढ़त

0
205

न्यूज डेस्क
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार को यशस्वी जयसवाल (68) और शिवम दुबे (नाबाद 63) के शानदार अर्धशतकों की मदद से टीम इंडिया ने अफगानिस्तान पर 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर 3 मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अपराजेय बढ़त बना ली। भारत ने केवल 15.4 ओवर में 173 रनों का लक्ष्य हासिल किया।

मेजबान टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की। यशस्वी ने 34 गेंदों का सामना करते हुए 68 रन बनाए। वहीं, शिवम दुबे ने 32 गेंदों में नाबाद 63 रन जुटाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। कप्तान रोहित शर्मा फिर से बिना खाता खोले आउट हुए। उन्हें पहले ओवर में फजलहक फारूकी ने बोल्ड किया। विराट कोहली ने 16 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए। वह छठे ओवर में नवीन-उल-हक का शिकार बने।

इससे पहले, अफगानिस्तान टीम टॉस हारने के बाद निर्धारित 20 ओवर में 172 रन का स्कोर बनाया। मेहमान टीम के लिए सर्वाधिक रन गुलबदीन नायब (35 गेंदों में 57, पांच चौके, चार छक्के) ने बनाए। नजीबुल्लाह जादारन ने 23, मुजीब उर रहमान ने 21 और करीम जनत ने 20 रन का योगदान दिया। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन जबकि रवि बिश्नोई और अक्षर पटेल ने दो-दो शिकार किए। शिवम दुबे को एक विकेट मिला। तीन टी20 मैचों की सीरीज का अंतिम मुकाबला बुधवार को बेंगलुरु में खेला जाएगा। ।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here