न्यूज डेस्क
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। इंडिया-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच दो फर्स्ट क्लास मैच खेले जाएंगे। फर्स्ट क्लास मैचों की इस सीरीज के लिए इंडिया-ए की कमान रुतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है।
इंडिया-ए दौरे के लिए बीते कुछ वक्त से टीम इंडिया से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा टीम में कई और स्टार खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीमों के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है और इससे पहले दोनों टीमों की ए टीमें दो मैच खेलेंगी।
इंडिया ए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ मैकॉय और मेलबर्न में दो फर्स्ट क्लास मैच खेलेगी, फिर पर्थ में भारत की सीनियर टीम के खिलाफ इंट्रा स्क्वाड मुकाबला खेलेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया की ए टीमों के बीच पहला टेस्ट 31 अक्तूबर से तीन नवंबर तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट सात से 10 नवंबर तक होगा। इसके बाद पर्थ में 15 से 17 नवंबर के बीच इंट्रा स्क्वायड मुकाबला खेला जाएगा।
फरवरी 2024 में घरेलू क्रिकेट को तरजीह न देने की वजह से ईशान को BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया था। उस समय BCCI सचिव जय शाह ने टीम इंडिया में नहीं खेल रहे क्रिकेटरों को चेतावनी दी थी कि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए टीम से बाहर चल रहे क्रिकेटर घरेलू क्रिकेट में भाग लें।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए इंडिया ए टीम:
रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उप कप्तान), साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, देवदत्त पडिक्कल, रिकी भुई, बाबा इंद्रजीत, ईशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक पोरेल (विकेट कीपर), मुकेश कुमार, खलील अहमद, यश दयाल, नवदीप सैनी, मानव सुथार, तनुश कोटियन।
