बीरेंद्र कुमार झा
बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह के भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बनने के विरोध में पहलवान साक्षी मलिक ने संन्यास का ऐलान कर दिया। वहीं, ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया ने भी शुक्रवार को पद्मश्री लौटाने की घोषणा कर दिया।साथ ही साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की जिससे उनके कांग्रेस से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई।
राजनेता की भूमिका में नजर आती साक्षी
साक्षी और बजरंग पूनिया नेl शुक्रवार को प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। जब साक्षी से पूछा गया कि यह आंदोलन पहलवान बनाम बृजभूषण से बीजेपी बनाम कांग्रेस होता हुआ दिख रहा है ।इस पर साक्षी ने कहा, आज हम दुखी हैं, कोई सपोर्ट करने आता है तो इससे हमें कोई परेशानी नहीं है।साथ ही एक राजनेता की तरह उन्होंने यह कहकर भी कि अगर बीजेपी से भी कोई नेता हमें सपोर्ट करने आएगा, तो हम उसका भी स्वागत करेंगे सभी वर्गों की सहानुभूति बटोरने का भी प्रयास किया।
चुनाव लड़ने को लेकर दिया साक्षी ने संदेश
पत्रकारों ने जब कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी से उनके और बजरंग पुनिया के मिलने के कारण उनके कांग्रेस से चुनाव लड़ने की मंशा को लेकर सवाल किया तो साक्षी मलिक ने इस सवाल के जवाब में कहा कि अभी ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। फिलहाल मैंने रेसलिंग छोड़ी है।अभी दुख में हूं। इससे निकलने के लिए थोड़ा समय चाहिए। भविष्य में क्या करना पड़ जाए, इसके बारे में कहा नहीं जा सकता, लेकिन अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
प्रियंका ने दिया समर्थन का आश्वासन
उधर, प्रियंका गांधी ने पहलवानों की लड़ाई में हर तरह से समर्थन देने का आश्वासन दिया। प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाली महिला पहलवानों ने बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी अब भी आरोपी के साथ खड़ी है और देश की महिलाएं इन अत्याचारों को देख रही हैं। जब पहलवान प्रियंका गांधी से मिलने गए तो कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी उनके साथ थे। दीपेंद्र हुड्डा ने इससे पहले साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया से अपने आवास पर मुलाकात की, जहां हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा भी मौजूद थे।

