अब रात में भी मिलेगी सूरज की रोशनी? अंतरिक्ष में आईने लगाएगी अमेरिकी कंपनी

0
21

अब तक सूरज ढलने के बाद धरती पर अंधेरा छा जाता है, लेकिन आने वाले समय में रात के अंधेरे में भी सूरज की रोशनी पहुंचाने की कोशिश हो रही है। अमेरिका की एक स्टार्टअप कंपनी रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल अंतरिक्ष में ऐसे सैटेलाइट लगाने की तैयारी कर रही है, जो सूरज की किरणों को आईने की तरह धरती की तरफ मोड़ सकेंगे।इस योजना में भारत की निजी अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस की भी भूमिका होगी।

अमेरिका की कंपनी रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल अंतरिक्ष में परावर्तक सैटेलाइट के जरिए धरती के चुनिंदा इलाकों तक रोशनी पहुंचाने की तकनीक विकसित कर रही है। कंपनी की योजना के तहत ‘इरेन्डिल-1’ नाम का प्रदर्शन सैटेलाइट तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 18×18 मीटर यानी लगभग 59×59 फीट का परावर्तक लगाया जाना है।इसका मकसद सूरज की रोशनी को एक खास दिशा में मोड़कर धरती तक पहुंचाना है।

कंपनी का लक्ष्य करीब 5 किलोमीटर के इलाके में रोशनी पहुंचाने का है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पूरा शहर रात में दिन की तरह चमकने लगेगा।रोशनी कितनी तेज होगी और कितने समय तक किसी जगह पर टिकेगी, यह सैटेलाइट की स्थिति और तकनीक की क्षमता पर निर्भर करेगा।

इस मिशन में भारत के लिए भी अहम मौका है।स्काईरूट एयरोस्पेस ने रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल के साथ दो सैटेलाइट लॉन्च करने का समझौता किया है। योजना के मुताबिक, एक लॉन्च विक्रम-1 रॉकेट और दूसरा विकास के दौर से गुजर रहे विक्रम-1यू के जरिए किया जाना है। इससे भारत की निजी अंतरिक्ष कंपनियों को नए तरह के अंतरिक्ष मिशनों में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सकता है।

अगर यह तकनीक सफल होती है, तो दूरदराज के इलाकों में राहत-बचाव कार्यों और कुछ विशेष जरूरतों के लिए अतिरिक्त रोशनी उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।सोलर पावर प्लांट के कामकाज में इसके इस्तेमाल की संभावना भी तलाश की जा सकती है।हालांकि, रात में अतिरिक्त रोशनी पहुंचाने से कई सवाल भी उठेंगे। इससे खगोल वैज्ञानिकों के अध्ययन, रात में सक्रिय रहने वाले जीवों और इंसानों की नींद पर असर पड़ सकता है। इसलिए तकनीक का परीक्षण और उसके पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन बेहद जरूरी होगा. फिलहाल अंतरिक्ष से सूरज की रोशनी धरती तक पहुंचाने का विचार विज्ञान की दुनिया में एक नई संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here