न्यूज डेस्क
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर से विदा ले रहे मॉनसून ने लोगों को खुशनुमा मौसम की सौगात दी है। आम तौर पर मॉनसून राजधानी से 25 सितंबर के आसपास विदा ले लेता है, लेकिन इस बार इसमें तीन से चार दिनों की देरी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक दो जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 25 से 29 सितंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकतम तापमान इस दौरन 36 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री तक रह सकता है।
इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश को लेकर बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आज काफी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 24 और 25 सितंबर के दिन बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश के दौरान गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। जिसके बाद प्रदेश में मानसून का असर कम होते देखा जाएगा और छिटपुट स्थानों पर ही हल्की फुल्की बारिश देखने को मिलेगीं।
इसके अलावा आईएमडी ने आज पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इन इलाकों में भारी बारिश के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक आज केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर बिजली और तेज आंधी के साथ बारिश आ सकती है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग जगहों पर बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक आज दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर में 45-55 किमी प्रति घंटे की तेज गति से 65 किमी. प्रति घंटे की तेज हवा चलने की संभावना है।

