Weather Update Today 17 May 2024: दिल्ली में चलने वाली है लू, वीकेंड पर 45 डिग्री पहुंचेगा पारा, IMD ने इन राज्यों के लिए भी जारी किया अलर्ट

0
142

Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। दिल्ली में गुरुवार को पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान है। गुरुवार का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में भी गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। आईएमडी ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने कहा, 17-20 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और 18-20 मई के दौरान गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में प्रचंड लू चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इससे पहले मई में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में लू चलने के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान जताया था।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ कुछ भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में हल्की बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के अधिकांश हिस्सों, झारखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम लगभग शुष्क हो सकता है और इन क्षेत्रों में तापमान बढ़ जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here