न्यूज डेस्क
देश के कई जगहों पर मानसूनी बारिश का दौर जारी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इस बारिश की वजह से इन दिनों लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ी हुई है। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इस दौरान हवा की गति 20 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। लेकिन इससे उमस और गर्मी में कोई कमी नहीं आई। मौसम विभाग के मुताबिक अच्छी वर्षा के अभाव में अगले तीन-चार दिन तक उमस भरी गर्मी बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक आज भी हिमाचल, उत्तराखंड के कई जगहों पर हल्की से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश के ऊपर बना चक्रवाती दबाव अगले कुछ घंटों में मजबूत हो सकता है। इसके कारण देश के पूर्वी और उत्तर पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधि में तेजी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इसका असर पूर्वोत्तर राज्य, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार समेत कई राज्यों में देखा सकता है।
आईएमडी के मुताबिक आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी और गरज के साथ बारिश की संभावना है।
