न्यूज डेस्क
राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी सर्दी और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। दिल्ली समेत राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब में आज कोल्ड वेव की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी शनिवार (6 जनवरी) को राजधानी दिल्ली में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में बारिश होगी, जिसके बाद ठंड और ज्यादा बढ़ जाएगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।
वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत 6 राज्यों में मौसम विभाग ने कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम पारा फ्रीजिंग प्वाइंट पर आ गया। सीकर में पारा 1.0° और फतेहपुर में 2.8° सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 15 राज्यों में कोहरा छाया हुआ है। बढ़ती सर्दी को देखते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग ने प्रदेश के माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। स्कूल अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे। वहीं, कोहरे के चलते दिल्ली से 22 ट्रेन देरी से चल रही हैं तथा हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।
देश के इन इलाकों में रहेगा ठंड और कोहरे का प्रकोप
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अलग-अलग इलाकों में 6 जनवरी को सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिन कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर बनने से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और झारखंड में हल्की बारिश हो सकती है।

