न्यूज डेस्क
भारत में कई हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में मूसलाधार बारिश से तबाही रुकने का नाम नहीं ले रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने अगले चार दिनों के दौरान उत्तराखंड और 13-15 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश, बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहेगी। उत्तराखंड और हिमाचल के कई हिस्सों में आज भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।आईएमडी के मुताबिक सोमवार को एक-दो स्थान पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में शाम के समय में बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कुछ जिलों में आज जमकर बारिश होगी। राजधानी पटना समेत राज्य के बाकी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। विभाग ने पूर्वी और पश्चिम चंपारण के साथ-साथ अररिया और किशनगंज जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
उत्तर प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग की और से नया अपडेट सामने आया है। जिसके मुताबिक सोमवार और मंगलवार को अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। ज्यादातर जिलों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। कई जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, कोंकण और गोवा, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा में बारिश हो सकती है। इनके राज्यों के अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, तटीय कर्नाटक और केरल में बारिश होने की संभावना है।

