न्यूज डेस्क
देश की राजधानी में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। वहीं बारिश का दौर थमते ही राजधानी में फिर उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) की जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री सेल्सियस बढ़ा है।मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के कुछ इलाकों में अगले छह दिन तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। हालांकि तेज बारिश न होने की वजह से कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से परेशानी हो सकती है।
मौसम विभाग ने आज ओडिशा और झारखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की है। इसे देखते हुए इन दोनों राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, पूर्वी अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर बिजली गिरने, तेज आंधी (हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ बारिश होने की संभावना है। जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, यमन, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक अरब सागर, गुजरात तट, कोमोरिन इलाके और बंगाल की दक्षिण पश्चिम खाड़ी में 45-55 किमी. प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार बढ़कर 65 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तरी अंडमान सागर में हवा की गति 40-45 किमी. प्रति घंटे से लेकर 55 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस तूफानी मौसम को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

