छठे चरण में 58 सीटों का मतदान ख़त्म ,889 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद 

0
62

न्यूज़ डेस्क 
लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण की मतदान प्रक्रिया 25 मई को पूरी हो गई है। छठे चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 58 सीटों पर मतदान हुआ। इन सीटों पर कुल 889 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया। जिन सीटों पर मतदान हुआ, उनमें धमेंद्र प्रधान, राव इंद्रजीत सिंह जैसे केंद्रीय मंत्रियों की भी सीटें शामिल हैं।   

इस चुनाव में कई बड़े नेता भी शामिल थे। ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट में भी हाई-प्रोफाइल मुकाबले की उम्मीद है। यहां सत्तारूढ़ बीजू जनता दल ने पार्टी महासचिव (संगठन) प्रणब प्रकाश दास को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ मैदान में उतारा है। तीन बार के विधायक प्रणब दास नवीन पटनायक के बाद पार्टी में नंबर दो माने जाते हैं। उनका मुकाबला धर्मेंद्र प्रधान से है जो 15 साल के अंतराल के बाद संबलपुर लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में लौट आए हैं। इससे पहले धर्मेंद्र मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। वहीं कांग्रेस ने नागेंद्र कुमार प्रधान को चेहरा बनाया है। 2019 में संबलपुर सीट पर भाजपा के नितेश गंगा देब को जीत मिली थी। गत चुनाव में यहां 76.72% लोगों ने मतदान किया था।
छठे चरण में कई केंद्रीय मंत्री भी चुनाव लड़ रहे हैं।

हरियाणा की गुड़गांव लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भाजपा के प्रत्याशी हैं। वह मौजूदा केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। इंद्रजीत के सामने कांग्रेस ने अभिनेता और पूर्व सांसद राज बब्बर को उतारा है। राज बब्बर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा जजपा ने राहुल यादव फाजिलपुरीया और इनेलो ने सौराब खान को उम्मीदवार बनाया है। 2019 में गुड़गांव सीट पर भाजपा के राव इंद्रजीत को जीत मिली थी। गत चुनाव में यहां 67.33% लोगों ने मतदान किया था।

हरियाणा की फरीदाबाद सीट से केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर चुनाव लड़ रहे हैं। गुर्जर मोदी सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री का पद संभाल रहे हैं। इस बार भी भाजपा ने उन पर फिर भरोसा जताया है। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में महेंद्र प्रताप मैदान में हैं। जननायक जनता पार्टी ने नलिन हुड्डा और इंडियन नेशनल लोकदल ने सुनील तेवतिया को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में फरीदाबाद से भारतीय जनता पार्टी के कृष्णपाल गुर्जर ने जीत दर्ज की थी। बीते चुनाव में यहां 64.1% मतदान दर्ज किया गया था।

पश्चिम बंगाल की बांकुरा सीट का मुकाबला भी चर्चा में है। यहां भाजपा ने डॉक्टर और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर टीएमसी ने अपने बांकुरा जिला अध्यक्ष और वकील अरूप चक्रवर्ती को मैदान में उतारा है। माकपा ने वकील नीलांजन दासगुप्ता को टिकट दिया है। गत चुनाव में बांकुरा सीट पर भाजपा के सुभाष सरकार जीतकर संसद पहुंचे थे। 2019 में यहां 83.25% लोगों ने मतदान किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here