न्यूज़ डेस्क
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच छिड़ी आपसी जंग बुधवार को शरद पवार और अजित पवार गुटों के शक्ति प्रदर्शन के बाद और भी गरम हो गई। बैठक के बाद एक और बैठक आज शरद पवार ने दिल्ली में बुलाई है। दिल्ली में आज तीन बजे एनसीपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। इस बैठक में देश भर से पार्टी के लोग पहुँच रहे हैं। इससे पहले कुछ पोस्टरों ने ध्यान अपनी ओर खींचा है।
महाराष्ट्र में एनसीपी बनाम एनसीपी संकट के बीच, राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस ने फिल्म ‘बाहुबली – द बिगिनिंग’ के एक दृश्य पर डिजाइन किया गया एक पोस्टर लगाया है, जिसमें उसके किरदार ‘कटप्पा’ को ‘अमरेंद्र बाहुबली’ की पीठ में छुरा घोंपते हुए दिखाया गया है।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार के दिल्ली स्थित आवास के बाहर लगे पोस्टर, जिन पर लिखा है, “सच्चाई और झूठ की लड़ाई में पूरा देश शरद पवार के साथ है” और “भारत का इतिहास ऐसा है कि इसने विश्वासघात करने वालों को कभी माफ नहीं किया है”।
गौरतलब है कि शरद पवार पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए आज दिल्ली पहुंच गए हैं। बता दें कि बुधवार को अजित पवार गुट ने एनसीपी पर अपने अधिकार की मांग की तो वहीं शरद पवार ने दावा किया कि पार्टी का चुनाव चिन्ह उनके पास से कहीं नहीं जाएगा।

