ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की बंदूकबाज मां गिरफ्तार,ऐसे दे रही थीं पुलिस को चकमा..

0
108

न्यूज डेस्क
विवादों में घिरी ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। वो रायगढ़ में महाड के हिरकणीवाड़ी की लॉज में छिपी थीं। उन पर जमीन संबंधी विवाद में कथित तौर पर बंदूक दिखा कर लोगों को धमकाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक, मनोरमा खेडकर लॉज में नाम बदलकर रुकी थीं। लॉज के रूम में उनके साथ कैब ड्राइवर भी था। मनोरमा ने उसे अपना बेटा बताया था।

लॉज में रूम बुक करने के लिए मनोरमा ने फेक आधार कार्ड का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक मनोरामा ने लॉज तक पहुंचने के लिए एक प्राइवेट कैब हायर की थी। मनोरमा कैब ड्राइवर के साथ एक ही रूम में ठहरी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक मनोरमा को पुणे जिले की एक कोर्ट में पेश किया गया। उन्हें 20 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी मनोरमा, उनके पति दिलीप और पांच अन्य लोगों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित की गयी थीं।

पुलिस ने खेडकर दंपत्ति और पांच अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा -323 (बेईमानी या धोखाधड़ी से संपत्ति हटाना या छिपाना) सहित अन्य धाराओं और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। खेडकर पर कथित रूप से दिव्यांगता और ओबीसी कोटे का दुरुपयोग करने का आरोप है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पूजा के पिता दिलीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की पुणे इकाई को शिकायत मिली है। इसमें सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच की मांग की गयी है।

क्या है मामला

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमे मनोरमा पुणे के मुलशी तहसील के धडवाली गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों को कथित तौर पर बंदूक दिखाकर धमकाती नजर आ रही थीं। इसके बाद से पुलिस मनोरमा व उनके पति दिलीप खेडकर की तलाश में जुटी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here