कांग्रेस नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ से दिल्ली लौट गए।मंगलवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा अंबिकापुर में स्थगित कर उन्हें दिल्ली लौटना पड़ा। झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड में स्थगित कर दी गई है। राजेश ठाकुर ने एक वीडियो जारी कर कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है।राहुल गांधी को मनरेगा के साथियों के साथ जो संवाद करना था उसे अब जयराम रमेश और कन्हैया कुमार करेंगे। राहुल गांधी को विशेष कारणों से दिल्ली लौटना पड़ा है। राहुल गांधी की झारखंड में शेष यात्रा स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बेहद खेद है कि आप सभी साथियों ने जिसको उल्लास के साथ इस यात्रा की तैयारी की थी, उसे हम पूरा नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन आप सभी से निवेदन होगा कि राहुल गांधी ने जिन उद्देश्यों के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली थी, उसे लेकर आप गांव-गांव और प्रखंड प्रखंड तक जाएंगे । अन्याय के खिलाफ राहुल गांधी जिस लड़ाई को लड़ रहे हैं ,उनको आप सभी मजबूती प्रदान करेंगे।
अंबिकापुर में ही यात्रा रोककर राहुल गांधी को लौटना पड़ा दिल्ली
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार की दोपहर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर पहुंचने वाली थी, लेकिन राहुल गांधी को अपनी यात्रा छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ही स्थगित कर दिल्ली लौटना पड़ा।इस बात की जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ के बलरामपुर रामानुजगंज के कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में अति आवश्यक कार्य के कारण उन्हें बीच में यात्रा रोककर दिल्ली लौटना पड़ा है।
झारखंड में राहुल गांधी के दूसरे चरण की यात्रा स्थगन से कार्यकर्ताओं में मायूसी
झारखंड में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण 14 फरवरी से गढ़वा – पलामू में होनी थी ,और इसके बाद राहुल गांधी के नेतृत्व वाले इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बिहार में एंट्री करना था।लेकिन इससे पहले ही राहुल गांधी छत्तीसगढ़ मैं ही अपनी इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा को स्थगित कर विशेष कार्यवश दिल्ली लौट गए। इसके साथ ही झारखंड में राहुल गांधी की दूसरे चरण की यात्रा को विराम लग गया है। झारखंड में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे चरण के नहीं होने को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता चार दिनों से राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा कार्यक्रम की तैयारी में लगे हुए थे।कार्यक्रम को लेकर सभा स्थल की तैयारी पूरी की जा चुकी थी।मंच भी बन चुका था एवं जगह-जगह तोरण द्वार एवं बैनर पोस्टर भी लग चुके थे । सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रंका के डीएसपी रोहित रंजन एवं राम जी महतो अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ वहां कैंप किए हुए थे,लेकिन राहुल गांधी के इस यात्रा में शामिल होने पर अब विराम लग गया है।हालांकि अब इस यात्रा की स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारी को देखते हुए राहुल गांधी की जगह जयराम रमेश और कन्हैया कुमार इस यात्रा पर आकर लोगों को संबोधित करेंगे।

