न्यूज़ डेस्क
संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर भाषण देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया को खूब लताड़ा। बड़े -बड़े हमले किये। पीएम मोदी ने कहा कि ये इंडिया गठबंधन नहीं है, ये घमंडिया गठबंधन है. इसकी बारात में हर कोई दूल्हा बनना चाहता है। हर किसी को प्रधानमंत्री बनना है। जब भी परिस्थितियां बदलेंगी, विपक्षी गठबंधन में छुरियां निकल आएंगी।
पीएम ने कहा कि जीवित रहने के लिए इंडिया को एनडीए का समर्थन लेना पड़ा। इन्होंने एनडीए में दो आई लगा दिया। इंडिया में पहला आई 26 दलों के अहंकार के लिए है और दूसरा आई एक परिवार के अहंकार के लिए है। इंडिया को तोड़कर इंडिया कर दिया।
मणिपुर पर पीएम मोदी ने कहा कि अमित शाह ने कल सदन में मणिपुर पर विस्तार से बताया। मणिपुर पर चर्चा से विपक्ष भाग रहा है। हमने चर्चा की बात कही. जल्दी ही मणिपुर में शांति का सूरज उगेगा।
इसी बीच विपक्षी सांसदों ने वाकआउट कर गए। लेकिन पीएम मोदी बोलते रहे। विपक्षी सांसदों के वॉकआउट करने पर पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों का यही काम है। अपशब्द बोलो और भाग जाओ. असत्य बोलो और भाग जाओ. विपक्ष में सुनने का धैर्य नहीं है। विपक्ष लगातार मणिपुर को लेकर नारेबाजी कर रहा था।
विपक्ष पर हमला करते हुए पीएम ने कहा कि ये मोहब्बत की दुकान की बात करते हैं। इनकी दुकान लूट की दुकान है। भ्रष्टाचार की दुकान है। तुष्टिकरण की राजनीति की दुकान है। कल यहां (लोक सभा में) दिल से बात करने की बात भी कही गई थी। उनके (राहुल गांधी) दिमाग के हाल को तो एक लंबे समय से जानता हूं. अब उनके दिल का भी पता चल गया।
पीएम मोदी ने कहा कि इनको 24 घंटे, सपनों में भी मोदी ही नजर आता है। ऐसा इनका मोदी प्रेम है. मैं भाषण के बीच में पानी पीता हूं तो कहते हैं कि 56 इंच के सीने वाले को हमने पानी पिला दिया। कहीं रैली में गर्मी में पसीना आ जाए और मैं उसे पोंछ लूं तो कहते हैं कि पसीना निकलवा दिया। मैं कांग्रेस की परेशानी समझ सकता हूं, ये एक ही प्रोडक्ट को बार-बार लॉन्च करते हैं और उसकी हर बार लॉन्चिंग फेल हो जाती है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कभी-कभी सच भी निकल जाता है। लंका हनुमान ने नहीं जलाई, रावण के अहंकार ने लंका जलाई, सच है। ऐसे ही कांग्रेस घमंड के कारण 400 से 40 पर आ गई है। जनता भगवान का रूप है इसलिए कांग्रेस की ये हालत हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि हर जगह बस एक ही परिवार का नाम दिखाई देता था। कुछ काम नहीं किया, केवल भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस का अपना कुछ भी नहीं, चुनाव चिह्न से लेकर विचार तक सब कुछ किसी और से उधार लिया गया है। कांग्रेस एक विदेशी ने बनाई थी। कांग्रेस ने विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय तिरंगे जैसा झंडा अपनाया, उन्होंने लाभ के लिए गांधी उपनाम भी ‘चुराया। कांग्रेस को परिवारवाद पसंद है, कांग्रेस को दरबारवाद पसंद है।
विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कुछ दिन पहले बेंगलुरु में आपने यूपीए का क्रियाकर्म कर दिया। आप यूपीए का अंतिम संस्कार कर रहे थे और जश्न भी मना रहे थे. विपक्ष के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। विपक्ष अब खंडहर पर नया प्लास्टर लगा रहा है। दशकों पुरानी खटारा गाड़ी को ईवी दिखाने के लिए कितना बड़ा मजमा लगाया था। आप (विपक्ष) जिसके पीछे चल रहे हैं उनको इस देश की ज़ुबान, इस देश के संस्कार की समझ नहीं है. पीड़ी दर पीड़ी यह लोग लाल और हरी मिर्च में अंतर नहीं समझ पाए।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस घमंड में चूर हो गई है। उसे जमीन नहीं दिखाई देती. इन्हें बता दूं कि बंगाल, ओडिशा, नगालैंड, तमिलनाडु, यूपी, बिहार और कई अन्य राज्यों ने कांग्रेस पर विश्वास नहीं है।