अखिलेश यादव पर भड़के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कहा- धमकी देने की जगह कोर्ट में करें अतीक अहमद का बचाव

0
134

बीरेंद्र कुमार झा

उत्तर प्रदेश की पुलिस के द्वारा चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में नामजद अभियुक्त माफिया सरगना अतीक अहमद को गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज लाया जा रहा है। अतीक अहमद को लेकर पुलिस रविवार को साबरमती से सड़क मार्ग से रवाना हुई। करीब 1270 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पुलिस उसे लेकर सोमवार को प्रयागराज पहुंचेगी। कोई अनहोनी न हो जाय इस दृष्टिकोण से सरकार ने रास्ते में पड़ने वाले सभी जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को इस बारे में सूचित कर अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा में लाया जा रहा है। जेल से निकलने के बाद उसने कहा था कि योगी सरकार कोर्ट के कंधे पर बंदूक रखकर उसे मारना चाहती हैं।

अतीक अहमद का कोर्ट में करें बचाव

अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश लाए जाने के मामले में सियासत तेज होती जा रही है।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हत्या और अपहरण सहित अनेक गंभीर अपराधों में वांछित अतीक और अशरफ के मामले में कानून अपना काम कर रही है ,और आगे भी करेगी।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बयानबाजी का कोई औचित्य नहीं है। हां! अगर उन्हें माफिया अतीक और अशरफ का बचाव या मदद करना ही है,तो कोर्ट में करें।बार-बार पुलिस को धमकी ना दें।

अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उत्तर प्रदेश लाने को लेकर अखिलेश की सियासत

माफिया अतीक अहमद को गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज जेल लाए जाने की तैयारी की जा रही है।इसी के चलते अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान अतीक अहमद की गाड़ी पलटने के सवाल को लेकर बड़ा जवाब दिया है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अतीक अहमद की गाड़ी पलटने को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री को बता दिया होगा कि कहां और कब गाड़ी पलटेगी। इसी के साथ सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि अगर आप गूगल और अमेरिका से मदद लेंगे तो वो दिखाएंगे कि कार कैसे और कब पलटी थी।

अतीक अहमद को लेकर आ रहा पुलिस का काफिला, झांसी के रास्ते दाखिल होगा उत्तर प्रदेश में

अतीक अहमद को उत्तर प्रदेश लाए जाने के दौरान झांसी की पुलिस भी अलर्ट है। मध्य प्रदेश की सीमा के बाद काफिला उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में दाखिल होगा और इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की सीमाओं की शुरुआत भी हो जाएगी।अतीक अहमद के झांसी से गुजरने के दौरान पुलिस वाले पहले से ही खास सतर्कता बरत रहे है। झांसी के तीन थाना क्षेत्र से होते हुए अतीक को लाया जाएगा झांसी के रकसा, शिवपुरी और पूंछ होते हुए यह काफिला गुजरेगा, इसके लिए सभी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।कानपुर रोड के रास्ते काफिला के निकलने की संभावना है।

विकास दुबे को भी कानपुर रोड के जरिए ही उज्जैन से उत्तरप्रदेश लाया जा रहा था। इसी क्रम में रास्ते में पुलिस एनकाउंटर में उसकी मौत हो गई थी।

अतीक अहमद के गुर्गे काफिले में घुसकर अतीक अहमद को भगा ले जा सकते है

माफिया डॉन अतीक अहमद को गुजरात से मध्य प्रदेश और राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश के प्रयागराज लाया जा रहा है। अतीक को लेकर आ रहा पुलिस का काफिला सोमवार सुबह राजस्थान की सीमा से मध्य प्रदेश में प्रवेश कर चुका है और जल्द ही यूपी में दाखिल हो जाएगा। इसी बीच यूपी पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली है कि झांसी के आसपास अतीक अहमद के गुर्गे काफिले में घुसने की कोशिश करेंगे। इसी के चलते यूपी पुलिस मुख्यालय से जारी किए गए निर्देश में सभी जिलों के पुलिस कप्तान को अलर्ट पर रखा गया है।

उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही सभी जिलों के कप्तान अपने जिले में अतीक अहमद के रूट के काफिले के रूट को क्लियर कराएंगे। अतीक अहमद को लाने वाले काफिले के रूट को क्लियर रखा जाएगा।पुलिस हेडक्वार्टर ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि रास्ते में ट्रैफिक जाम या किसी भी तरह का अवरोध ना आने पाए। काफिले में कोई भी नई गाड़ी शामिल ना होने पाए और कहीं भी रुकने पर अतीक अहमद से कोई भी बातचीत ना करने सके।

गौरतलब है कि अभी हाल में पंजाब पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह फरार हो गया और तब से लेकर अब तक पुलिस उसे दुबारा पकड़ नहीं पाई है।ऐसे में उत्तर प्रदेश पुलिस ऐसी किसी भी आशंका को अतीक अहमद के मामले में सत्य में तब्दील होने देना नहीं चाहती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here