न्यूज़ डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना में केसीआर सरकार पर खूब हमला किया। केसीआर सरकार को सबसे भरष्ट सरकार कहा इसके साथ ही परिवारवादी पार्टियों पर भी हमला किया। पीएम मोदी ने कहा तेलंगाना में जो सरकार है उसने क्या किया? यहां की राज्य सरकार ने सिर्फ 4 काम किए हैं। पहला- सुबह-शाम मोदी और केंद्र सरकार को गाली देने का काम किया है। दूसरा- सिर्फ एक ही परिवार को सत्ता का केंद्र बनाने और खुद को तेलंगाना का मालिक साबित करने का काम किया है। तीसरा इन्होंने तेलंगाना के विकास को चौपट कर दिया। चौथा-इन्होंने तेलंगाना को भ्रष्टाचार में डुबा दिया। केसीआर सरकार यानी सबसे भ्रष्ट सरकार।
पीएम मोदी ने कहा, ये जितनी भी परिवारवादी पार्टियां हैं, उनकी नींव भ्रष्टाचार पर खड़ी होती है। परिवारवादी कांग्रेस का भ्रष्टाचार पूरे देश ने देखा है। परिवारवादी बीआरएस का भ्रष्टाचार पूरा तेलंगाना देख रहा है। कांग्रेस हो या बीआरएस दोनों ही तेलंगाना के लोगों के लिए घातक है। इन दोनों से ही तेलंगाना के लोगों को बचकर रहना है।
पीएम मोदी ने कहा, यहां सत्ता में जो परिवार बैठा है, जो करोड़ों के घोटालों में लिप्त है, जिसपर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कस रहा है। जिसकी पोल तेलंगाना के लोगों के सामने खुल चुकी है, वो परिवार अब लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहा है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज तेलंगाना के वारंगल में 6 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, तेलंगाना के लोगों की ताकत ने हमेशा भारत की ताकत बढ़ाई है। आज जब भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, तो इसमें तेलंगाना के लोगों की बहुत बड़ी भूमिका है। पीएम मोदी ने इस दौरान केसीआर सरकार पर हमला बोला और इसे सबसे भ्रष्ट सरकार बताया।
पीएम मोदी ने कहा, ऐसे में जब पूरी दुनिया भारत में निवेश के लिए आ रही है, तब तेलंगाना के सामने अवसर ही अवसर हैं। उन्होंने कहा, आज का भारत नया भारत है. बहुत सारी एनर्जी से भरा हुआ है। 21वीं सदी के इस तीसरे दशक में हमारे पास एक गोल्डन पीरियड आया है। हमें इस मौके के हर पल का पूरा इस्तेमाल करना है। देश का कोई भी कोना तेज विकास की संभावना में पीछे नहीं रहना चाहिए।

