नई दिल्ली: नए साल का आगाज हो चुका है। लोगों ने दो साल बाद खुलकर नववर्ष का स्वागत किया। कोरोना महामारी ने 2021 और 2022 में नए साल के जश्न को पूरी तरह फीका कर दिया था। शनिवार रात जैसे ही घड़ी में 12 बजे, देश विदेश में नव वर्ष का आगाज हो गया। लोगों ने एक दूसरे को नए साल की बधाई दी। होटलों में रातभर नववर्ष के जश्न का माहौल था। लोगों ने गली मोहल्लों में भी डीजे बजाकर नए साल का स्वागत किया।
उत्तराखंड में रही नववर्ष की धूम
इधर उत्तराखंड के औली में पहुंचे सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों में भी नववर्ष को लेकर काफी उत्साह देखा गया। देश के विभिन्न प्रांते से लोग नया साल का जश्न को यादगार बनाने के लिए यहां पहुंचे। हालांकि इस बार बर्फबारी नहीं होने से पर्यटकों को निराशा भी हुई।
सुबह 11 बजे ही बंद हो गया टिकट काउंटर
रोपवे से औली जाने के लिए पर्यटकों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे ही टिकट काउंटर बंद हो गया था,जिससे कई पर्यटक बैरंग लौटे। औली में कई होटल हाउस फुल हैं। शनिवार को रोपवे से 350 पर्यटक औली गये और 1100 पर्यटकों ने चेयर लिफ्ट से औली की हसीन वादियों का आनंद लिया।

