मच्छर भगाने के लिए जलाया था मॉस्क्विटो कॉइल, दम घुटने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत,3 गंभीर

0
254

न्यूज डेस्क
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में एक घर में मच्छर भगाने के लिए जलाई गई । मॉस्क्विटो कॉइल के गिरने से आग लग गई, जिससे एक बच्चा समेत 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग झुलस गए हैं। जानकारी के मुताबिक कॉइल गद्दे पर गिरा और आग लग गई, इस वजह से पूरे घर में ज़हरीली गैस फैल गई। सुबह आग की लपटें देखकर अग्निशामक दल को फ़ोन किया गया। तब तक एक बच्चे समेत 6 लोगों की दम घुटने से जान चली गई।

मृतकों में 1.5 साल का बच्चा भी

जानकारी के मुताबिक शास्त्री पार्क के मछली मार्केट स्थित एक घर में शुक्रवार यानि 31 मार्च को एक ही घर के 9 लोग बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची और सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक शास्त्री पार्क की एडिश्नल डीसीपी संध्या स्वामी ने बताया​ कि दम घुटने से एक बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई और 2 की हालत गंभीर है। मृतकों में चार पुरुष, 1 महिला और एक 1.5 साल का बच्चा शामिल है। 15 साल की लड़की और 45 साल के पुरुष का इलाज चल रहा है। 22 साल के एक पुरुष का इलाज कर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कॉइल जलाते वक्त ये 5 बातें रखें ध्यान

  • कॉइल जलाने के बाद कमरे को पूरी तरह बंद न करें।
  • मॉस्किटो कॉइल को अपने शरीर के नजदीक न रखें।
  • अगर कॉइल जलाने से घुटन हो तो इसे तुरंत बुझा दें।
  • लंबे समय तक मॉस्किटो कॉइल का इस्तेमाल न करें।
  • कॉइल जलाकर ऐसी जगह रखें, जिससे आग न लगे।

कैसे जानलेवा हो सकती है मॉस्किटो कॉइल

मॉस्किटो कॉइल से जहरीला धुआं निकलता है और कमरे का वेंटिलेशन ठीक ना हो, तो इससे कार्बन मोनोऑक्साइड पॉइजनिंग होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसा होने से लोग बेहोश हो सकते हैं और उन्हें उल्टी व सीने में दर्द भी हो सकता है। चिंता वाली बात यह है कि कार्बन मोनोऑक्साइड में स्मेल नहीं होती और इस वजह से इसका पता लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में अगर किसी व्यक्ति को कॉइल लगाने के बाद सिरदर्द, चक्कर, मतली, उल्टी, सांस लेने में दिक्कत या घुटन महसूस हो, तो मॉस्किटो कॉइल बुझा देनी चाहिए। लंबे समय तक जहरीली गैसों के संपर्क में आने से लोगों की मौत भी हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here