विकास कुमार
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अर्जुन अवार्ड मिलने के बाद बेहद खुश हैं। शमी ने अर्जुन अवार्ड के साथ अपनी मां और परिवार की तस्वीरें साझा की है। शमी ने बड़ी मुश्किलों और संघर्ष से जीवन में एक मुकाम हासिल किया है। पारिवारिक तनाव की वजह से शमी को मानसिक तनाव भी झेलना पड़ा,लेकिन शमी ने बुरे वक्त में भी अपना जोश और जज्बा बरकरार रखा। यही वजह है कि आज मोहम्मद शमी ने सफलता के शीर्ष को छू लिया है।
अर्जुन अवार्ड से सम्मानित होने के बाद फेसबुक पर शमी ने भावुक पोस्ट किया है शमी ने कहा कि इस पुरस्कार के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। यह मेरे लिए बहुत माएने रखता है और मैं वास्तव में आभारी हूं। यह पुरस्कार मुझे और भी अधिक उत्साह के साथ अपने जुनून को जारी रखने के लिए प्रेरित करता है। यह पुरस्कार पाकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुझे सबसे अच्छे बचपन का पल मिलने पर बहुत गर्व है क्योंकि पूरे ब्रह्मांड में सबसे अच्छे माता-पिता ने मुझे पाला है। मैं अपने परिवार के सभी सदस्यों,दोस्तों और प्रशंसकों को आपके बलिदान, समर्थन, प्यार, देखभाल के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं,मुझे समर्थन और प्यार करते रहो।
मोहम्मद शमी भारतीय टीम के स्टार बॉलर हैं,अपनी स्विंग और तेज गेंदबाजी से शमी ने दुनिया के धुरंधर बल्लेबाजों का विकेट चटकाया है। वन डे वर्ल्ड कप में अपनी घातक बॉलिंग से शमी ने विरोधी खेमे में हड़कंप मचा दिया था। उम्मीद है कि वे लंबे समय तक देश के लिए खेलते रहेंगे और आने वाले वक्त में कई और ऊंचे मुकाम हासिल करेंगे।

