- बीरेंद्र कुमार झा
जनता दल यूनाइटेड ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर हमला बोला। शनिवार को बिहार दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर पलटवार करते हुए जेडीयू ने उसे न सिर्फ झूठ का पुलिंदा बताया, बल्कि उसे हताशा में दिया गया बयान करार दिया।जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बीजेपी के लोग सही से होमवर्क नहीं करते हैं।केंद्रीय गृह मंत्रालय ही आंकड़े जारी करता है, लेकिन गृहमंत्री उसकी पड़ताल तक नहीं करते। बिहार में जंगलराज होने के बयान पर ललन सिंह ने कहा कि बिहार और दिल्ली के क्राइम का आंकड़ा मिला लें, जो उनके पास हैं। उनसे दिल्ली में अपराध संभल नहीं रहा है और बिहार में जंगलराज की बात करते हैं।
आपके दरवाजे पर दरखास्त लेकर नहीं हैं खड़े
नीतीश कुमार के लिए अब बीजेपी का दरवाजा पूरी तरह से बंद होने जैसे अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा कि आपके दरवाजा पर हम दरखास्त लेकर खड़े नहीं हैं।आप अपना दरवाजा बंद करके रखिए। कोई जाने वाला नहीं है।जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि बीजेपी के साथ आज कोई जाना नहीं चाहता है। एनडीए से एक-एक कर सब अलग हो चुके हैं।2017 में भी जब प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को आश्वस्त किया था, तभी हम लोग बीजेपी के साथ गठबंधन में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का अब एक ही लक्ष्य है कि 2024 के चुनाव में केंद्र से बीजेपी को सत्ता से बेदखल करना।
बीजेपी के लोगों को केवल बोलना आता है
केंद्रीय गृह मंत्री की तरफ से बिहार में 40 सीट जीतने के दावे पर ललन सिंह ने कहा कि 2015 में भी अमित शाह ने बयान दिया था।आप पुराना वीडियो निकाल लीजिए। उस समय उन्होंने जो बयान दिया था,उसे सुन लीजिए कि उसमें क्या क्या कहा गया था। ललन सिंह ने कहा कि बीजेपी के लोगों को केवल बोलना आता है। वह लोग कुछ करते नहीं हैं। यही कारण है कि वह अपने किए कामों का जिक्र कभी नहीं करते हैं। बीजेपी ने दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था और कितने लोगों को रोजगार दिया, यह बताना चाहिए था। लोगों के अकाउंट में कितने पैसे गए यह भी बताना चाहिए था। काम तो कुछ किया ही नहीं, तो बताएंगे क्या! नीतीश कुमार ने सात निश्चय का वादा किया था, इसे पूरा किया। लेकिन अमित शाह सिर्फ नकारात्मक राजनीति करते रहे।
महागठबंधन की सरकार में अपराध में आई कमी
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एनडीए की तुलना में महागठबंधन की सरकार में अपराध में कमी आई है। दूध उत्पादन में केंद्र सरकार ने बिहार को अवार्ड दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री टेक्सटाइल पार्क के जमीन के मिलने पर झूठ बोल रहे हैं। कहते हैं कि 7 मार्च 2022 को बिहार में रक्सौल हवाई अड्डा के लिए 152 एकड़ जमीन देने की बात कही गई थी, लेकिन जमीन उपलब्ध कराने के बाद उस जमीन पर कुछ नहीं हुआ।नीरज कुमार ने यह भी कहा कि बिहार में नीतीश कुमार है।और जब तक यहां नीतीश कुमार है, तब तक बीजेपी के लिए बिहार में ताला बंद है।

