हेमंत सोरेन ने ‘सामंती ताकतों’ के खिलाफ की ‘विद्रोह’ की घोषणा ,कहा बीजेपी को देश से बहार किया जायेगा

0
98

न्यूज़ डेस्क
रविवार को हुल दिवस पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साहिबगंज के भोगनाडीह में सामंती ताकतों के खिलाफ विद्रोह करने की घोषणा की और कहा कि बीजेपी को पुरे देश से इंडिया गठबंधन बाहर कर देगा।

सोरेन ने ‘हूल दिवस’ के मौके पर एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि जेल से उनकी रिहाई के बाद बीजेपी घबरा गई है और उसके नेता फिर से उनके खिलाफ ‘‘साजिश’’ रच रहे हैं।

जेएमएम नेता ने कहा, ‘‘अपनी रिहाई के बाद मैं पहली बार ‘हूल दिवस’ पर आपको संबोधित करने के लिए अपने घर से बाहर निकला हूं। यह हम सभी के लिए प्रेरणा का दिन है। अंग्रेजों के खिलाफ संथाल विद्रोह की तरह हम झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश से सामंती ताकतों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए ‘हूल विद्रोह’ का ऐलान करते हैं।’’

हेमंत सोरेन ने कहा, ‘‘मुझे झूठे मामलों में फंसाया गया… केंद्र सरकार अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करने के लिए अपनी जांच एजेंसियों को लगा देती है। मुझे जेल से बाहर आए अभी दो दिन ही हुए हैं, लेकिन बीजेपी घबराई हुई है। पार्टी के शीर्ष नेता झारखंड में बार-बार आ रहे हैं और मेरे खिलाफ फिर से साजिश रच रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि झारखंड को क्रांतिकारियों की भूमि के रूप में जाना जाता है और “हम जेल, लाठी या फांसी से नहीं डरते”।

बता दें कि झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा धनशोधन मामले में जमानत दिए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को शुक्रवार को बिरसा मुंडा जेल से रिहा कर दिया गया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here