नई दिल्ली:कोरोना महामारी के प्रकोप से उभर रहे देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अर्थव्यवस्था में वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान रिकॉर्ड आंकड़ों के मुताबिक इन राज्यों ने कोरोना से पहले की विकास दर को प्राप्त कर लिया है। हालांकि, गुजरात और महाराष्ट्र सहित 11 राज्यों की विकास दर का डाटा उपलब्ध नहीं है।
विकास दर के मामले में कांग्रेस शासित राजस्थान ने लंबी छलांग लगाई है। राजस्थान दूसरा सबसे ज्यादा ग्रोथ रेट वाला राज्य बनकर उभरा है। हैरानी की बात ये है कि टॉप 5 विकास दर वाले राज्यों में भाजपा शासित एक भी राज्य जगह नहीं बना सका।
अब क्या उप्र की भाजपा सरकार इस नकारात्मक उपलब्धि का उल्टा होर्डिंग लगवाएगी! pic.twitter.com/7A3tp1A9HF
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 3, 2023
आंध्र प्रदेश की विकास दर सर्वाधिक 11.43 प्रतिशत
वित्तीय वर्ष 2021-22 में आर्थिक विकास दर के आंकलन के मुताबिक आंध्र प्रदेश की विकास दर सर्वाधिक 11.43 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस शासित राजस्थान है। राजस्थान में 11.04 फीसदी वृद्धि दर दर्ज की गयी। तीसरे नंबर पर 10.98 फीसदी ग्रोथ रेट के साथ बिहार है। इसके बाद क्रमशः तेलंगाना (10.88 फीसदी), दिल्ली (10.23 फीसदी),ओडिशा (10.19 फीसदी) का स्थान है।
डबल डिजिट में भाजपा शासित एक भी राज्य नहीं
पिछले वित्त वर्ष में हरियाणा (9.80 फीसदी) और कर्नाटक (9.47 फीसदी) की विकास दर भी डबल डिजिट अंकों के करीब ही थी। बाकी के 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- त्रिपुरा, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, झारखंड, तमिलनाडु, जम्मू और कश्मीर, केरल, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्थाओं में 2021-22 के दौरान 4.24 फीसदी से 8.69 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश में 2021-22 में सबसे कम 4.24 फीसदी की वृद्धि दर दर्ज की गई है।

कई राज्यों के जीएसडीपी के आंकड़े मौजूद नहीं
2021-22 में भारत की जीडीपी 2020-21 के 6.06 फीसदी के मुकाबले 8.7 फीसदी रही है। इसके साथ ही 2020-21 में मणिपुर (3.19 फीसदी) को छोड़कर सभी राज्यों में पिछले साल के मुकाबले गिरावट देखने को मिली है। इनमें पश्चिम बंगाल (1.06 फीसदी), तमिलनाडु (0.14 फीसदी) और आंध्र प्रदेश (0.08 फीसदी) पर हैं। हालांकि दर्जनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 2021-22 के जीएसडीपी के आंकड़े मौजूद नहीं हैं। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप और चंडीगढ़ का नाम शामिल है।
