Gandhinagar Building Collapse: गुजरात के गांधीनगर में गुरुवार को एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसा कूड़ासन इलाके में हुआ, जहां निर्माण कार्य के दौरान मलबे में कई मजदूर फंस गए। अब तक 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि करीब 10 से 15 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब इमारत में स्लैब से जुड़ा काम चल रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रेन गिरने को भी हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। मलबे से निकाले गए 12 मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
दिल्ली हादसे के बाद एक और बिल्डिंग दुर्घटना
गांधीनगर की घटना ऐसे समय हुई है जब दिल्ली में हाल ही में एक इमारत ढहने से सात लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद राजधानी में अवैध निर्माण और जर्जर इमारतों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाई है। दिल्ली सरकार ने पीजी और अन्य भवनों के निरीक्षण तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

