अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार ख़त्म ,57 सीटों पर होगा मुकाबला !

0
69

न्यूज़ डेस्क 
सात राज्यों की कुल 57 सीटों पर 1 जून को मतदान है। इन प्रदेशों से कुल 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री कंगना रनौत, टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और भोजपुरी कलाकार पवन सिंह की भी सीटें शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है।           वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था। नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।

इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था।

इस चुनाव में उतरे उम्मीदवारों में कुछ ऐसे हैं जिनकी चर्चा सबसे ज्यादा है। ऐसी ही एक उम्मीदवार हैं कंगना रनौत। फिल्म अभिनेत्री कंगना को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

विक्रमादित्य सिंह यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। विधायक विक्रमादित्य सिंह मंडी से मौजूदा कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य सिंह का परिवार मंडी लोकसभा सीट का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुका है।    

2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राम स्वरुप शर्मा जीते थे। 2019 में मंडी में 73.6% लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। 2021 में मंडी सांसद रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया। इसके बाद मंडी सीट पर उप-चुनाव हुआ जिसमें कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं।

बिहार की काराकाट सीट इस चुनाव में चर्चा में है। राष्ट्रीय लोकमोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा यहां से एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी हैं। महागठबंधन की ओर से भाकपा-माले के राजा राम सिंह उतरे हैं।    

इसके अलावा निर्दलीय उतर कर भोजपुरी कलाकार पवन सिंह ने काराकाट की लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। 2019 में यहां जदयू के महाबली सिंह को जीत मिली थी। बीते चुनाव में काराकाट सीट पर 49.09% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर लोकसभा सीट भी चर्चित सीटों में शामिल है। टीएमसी ने यहां पार्टी के महासचिव और मौजूदा सांसद अभिषेक बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने अभिजीत दास (बॉबी) को टिकट दिया है। 

दास भाजपा की दक्षिण 24 परगना जिला इकाई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा माकपा के युवा नेता प्रतिकुर रहमान भी मैदान में हैं। पिछले चुनाव में इस सीट से टीएमसी के अभिषेक बनर्जी को जीत मिली थी। 2019 के चुनाव में डायमंड हार्बर में 81.98% लोगों ने मतदान किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here