नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में महापौर और डिप्टी महापौर के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने दिल्ली की महापौर पद के लिए रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। कमलजीत सहरावत स्थायी समिति के लिए भाजपा की प्रत्याशी होंगी तो वहीं उप महापौर के लिए भाजपा ने कमल बागड़ी को प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा में सोमवार को शामिल हुए निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल भी स्थायी समिति के लिए भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
रेखा गुप्ता का मुकाबला शैली ऑबेरॉय से
भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता का मुकाबला आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ऑबेरॉय से होगा। जबकि डिप्टी महापौर पद के लिए मोहम्मद इकबाल से मुकाबला है।
शालीमार से पार्षद हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता शालीमार बाग से पार्षद हैं। वे इस इलाके से तीसरी बार पार्षद बनी हैं। रेखा पहले भी एमसीडी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। वहीं, कमलजीत पहले दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की मेयर रह चुकी हैं। गजेंद्र दराल ने भाजपा के बागी के तौर पर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। दराल मुंडका से जीत के बाद फिर से भाजपा शामिल हो गये।
6 जनवरी को होगा महापौर का चुनाव
गौरतलब है कि दिल्ली में महापौर का चुनाव 6 जनवरी को होगा। जिसके लिए महापौर पद के उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया चल रही है। और दिल्ली एमसीडी में महापौर चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन का आज आखिरी दिन है।आम आदमी पार्टी ने महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है। उनके नामांकन भी दाखिल कर दिए गए है।

