बीरेंद्र कुमार झा
बिहार में 15 राजनीतिक दल के नेताओं ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तय करने के लिए मैराथन बैठक की और इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने अपनी अपनी बात रखी है। बैठक के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने अंदाज में नजर आए उन्होंने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की और उनकी शादी को लेकर चुटकी ली।
राहुल बनें दूल्हा,हम सब बनेंगे बाराती
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राहुल गांधी शादी करें। हम सब बारात में एकजुट होकर जाएंगे। उन्होंने कहा आपकी माताजी कहती थी कि राहुल गांधी मेरी बात नहीं मानते हैं।मैं कहना चाहता हूं कि आप शादी कीजिए। आपको शादी करनी होगी । आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।राजनीति की जानकारों की माने तो लालू प्रसाद ने संकेत दे दिए हैं कि भविष्य में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हो सकते हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता राहुल गांधी को पीएम बनाने की बात कह चुके हैं।
बैठक में सब ने खुलकर रखें अपने विचार
विपक्षी बैठक पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि आज की बैठक में सब ने खुलकर अपने विचार रखे हैं और तय हुआ है कि अगली बैठक शिमला में होगी और उसमें आगे की रणनीति तय करेंगे।हमें एक होकर लड़ना है उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह फिट हो गया हूं।अब बढ़िया से फिट करना है नरेंद्र मोदी को।
कौन-कौन पहुंचे थे बैठक में
पटना के मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार डीएमके नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला, पीडीपी की नेता महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सीपीआई के महासचिव डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी,पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कुछ नेता इस बैठक में उपस्थित हुए थे।

