बीजेपी ने जारी किया उम्मीदवारों की दसवी सूची ,शत्रुघ्न सिन्हा को चुनौती देंगे अहलूवालिया

0
83

न्यूज़ डेस्क
लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों के लिए दसवीं लिस्ट को जारी किया है। इस लिस में यूपी की सात और बंगाल की एक सीट और चंडीगढ़ से एक उम्मीदवार की घोषणा की गई है। यह बीजेपी की दसवीं सूची है।
चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट काट दिया गया है। यहां से उनकी जगह पार्टी ने संजय टंडन पर भरोसा जताया है।

इसके अलावा आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को उम्मीदवार बनाया गया है। यहां से पहले पार्टी ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को टिकट दिया था। टिकट मिलने के 24 घंटे के अंदर ही पवन सिंह ने चुनावी मैदान से कदम पीछे खींच लिए थे। अहलूवालिया का मुकाबला टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से होगा।

सूची में सात उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह भाजपा उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा बलिया से पार्टी ने नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। शेखर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे हैं और फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं।

प्रयागराज जिले की दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए गए हैं। मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और केसरी देवी पटेल को टिकट नहीं दिया गया है। इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है।

नीरज भाजपा के दिग्गज नेता रहे केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं। केसरी नाथ पूर्व राज्यपाल और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। जिले की फूलपुर लोकसभा सीट से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रवीण अभी फूलपुर से विधायक हैं।
कौशांबी लोकसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। सोनकर यहां से मौजूदा सांसद हैं।

इसके अलावा मछलीशहर से बीडी सोनकर और गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। पारस का मुकाबला 2019 में बसपा के टिकट से जीते अफजाल अंसारी से होगा, अफजाल इस बार सपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here