पटना : बिहार में नागरिकों को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने और राज्य में वित्तीय साक्षरता के साथ सुरक्षित निवेश को बढ़ावा देने के लिए बिहार सरकार और भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने एक व्यापक रणनीति तैयार की है। इस सिलसिले में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार की प्रति व्यक्ति आय में लगातार सुधार हो रहा है और राज्य की विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। हालांकि, प्रतिभूति बाजार और म्यूचुअल फंड में राज्य की भागीदारी अभी भी राष्ट्रीय औसत से पीछे है। इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को जल्द से जल्द एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

जीविका और प्रोबेशनर अधिकारियों से होगी शुरुआत
मुख्य सचिव ने सुझाव दिया कि इस जागरूकता अभियान का पहला चरण ‘जीविका’ (स्वयं सहायता समूहों) के माध्यम से शुरू किया जाए। इसके बाद दूसरे चरण में बिहार के प्रोबेशनर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि यह कार्यक्रम जमीनी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर मजबूती से लागू हो सके।

इसके अलावा, सेबी द्वारा ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ के तहत शुरू किए गए राष्ट्रीय अभियान “समझ से इन्वेस्टिंग सिंपल” को बिहार में जमीनी स्तर पर लागू करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके लिए सेबी और उसके सहयोगी संस्थान (SMPs और NISM) बिना राज्य सरकार पर कोई वित्तीय बोझ डाले पूरी अध्ययन सामग्री और प्रशिक्षण ढांचा हिंदी भाषा में उपलब्ध कराएंगे।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए अलग रणनीतियां
राज्य में वित्तीय साक्षरता फैलाने के लिए दो अलग-अलग रणनीतियों (प्लेबुक) पर काम करने का निर्णय लिया गया है:
ग्रामीण क्षेत्र (पहुंच और भरोसा):
ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), जीविका दीदियों और ग्रामीण हाटों के जरिए किसानों, युवाओं और महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। उन्हें “पैसा दोगुना करने” वाले फर्जी वादों की पहचान करने, सुरक्षित केवाईसी (KYC) प्रक्रिया अपनाने और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शहरी क्षेत्र (जागरूकता से सही निवेश):
पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों (MUST कार्यक्रम के तहत) और कार्यस्थलों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इसमें युवाओं और पेशेवरों को फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स और सोशल मीडिया के ‘फिनफ्लूएंसर्स’ के भ्रामक टिप्स से बचने के तरीके सिखाए जाएंगे।

साइबर धोखाधड़ी पर कड़ा प्रहार
बैठक में प्रस्तुत एनसीआरबी (NCRB) 2024 के आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि देश के साथ-साथ बिहार में भी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और राज्य में अधिकांश साइबर अपराधों का मुख्य मकसद धोखाधड़ी ही होता है। इस अभियान के तहत आम नागरिकों को सेबी के आधिकारिक शिकायत निवारण पोर्टल और अन्य साधनों का इस्तेमाल करना सिखाया जाएगा।

