न्यूज डेस्क
जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले के हादीपोरा गांव में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गयी है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप का एक जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हादीपोरा में पुलिस और सेना की जॉइंट टीम ने आतंकियों को ढूंढने के लिए एक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जैसे ही सुरक्षाबल आतंकियों के छिपने की जगह तक पहुंचे, आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस ऑपरेशन के दौरान एक जांबाज पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। घायल जवान को तुरंत इलाज के अस्पताल ले जाया गया।
सोपोर के हादीपोरा गांव में बुधवार सुबह आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधि देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की। तलाशी अभियान शुरू किया गया। सोपोर पुलिस, सेना की 32 आरआर और सीआरपीएफ के जवानों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। इलाके को खंगाला गया। यह इलाका जीडीसी हादीपोरा और पनाश कोचिंग संस्थान हादीपोरा के करीब था। ऐसे में एहतियात के तौर पर इन्हें बंद रखा गया। ताकि किसी तरह की हानि न हो। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। इसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। इस तरह मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए।
गौरतलब है कि बीते दिन यानी मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू होने के बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई थी। मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में आतंकवादियों के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर पुंछ जिले में सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया और इसी बीच आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई।

