बीरेंद्र कुमार झा
यूपी एटीएस ने पाकिस्तान से गौतम बुद्ध नगर जिले में आई सीमा हैदर और उसके पति सचिन मीना से सोमवार को घंटों पूछताछ की। सूत्रों ने बताया कि एटीएस पुलिस और आईबी की टीमों ने सीमा से सवाल जवाब किए। पूछताछ के दौरान मामले की छानबीन करने वाले पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।घंटों की पूछताछ के बाद सीमा को एटीएस दफ्तर से रवाना किया गया। एटीएस की टीम ने सोमवार को दोपहर में रबूपुरा स्थित आवास से सचिन और मीना को हिरासत में लिया था।
खंगाली जा रही फोन कॉल डिटेल
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन के पिता नेत्रपाल को भी फोन करके रबूपुरा थाने पर बुलाया गया था। हालांकि पूछताछ के बाद नेत्रपाल को जल्दी छोड़ दिया गया ,जबकि सचिन और सीमा हैदर को नोएडा एटीएस की टीम पिछले दरवाजे से अपने साथ ले गई। सीमा हैदर के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से कनेक्शन के शक में जॉच चल रही है। सीमा हैदर के फोन कॉल डिटेल की भी छानबीन की जा रही है।
इन सवालों के जवाब जानने में जुटी है एजेंसियां
1 सीमा के परिजनों के पाकिस्तानी सेना से संबंधों के खुलासे के बाद यह मामला काफी गरमा गया है। सीमा के चाचा और भाई के पाकिस्तानी सेना में तैनात होने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में सीमा हैदर का जुड़ाव कहीं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से तो नहीं है ?सूत्रों की माने तो खास तौर पर आईएसआई संदेह की पड़ताल के लिए सीमा से सवाल दागे जा रहे हैं।
2 सीमा हैदर पाकिस्तान के कराची से दुबई गई फिर नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई थी। सवाल यह है कि अकेली महिला 4 बच्चों को साथ लेकर कैसे पाकिस्तान से शारजाह और फिर वहां से नेपाल और भारत तक आ पहुंची। एटीएस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पाकिस्तान से भारत आने के दौरान सीमा किस किस के संपर्क में आई और किन लोगों ने इसकी मदद की।
3 एटीएस सीमा हैदर के हर बयान और उसके बोलचाल के ढंग का विश्लेषण कर रही है।साथ ही यह भी जांच कर रही है कि सीमा हैदर ने अपने सिम से किन लोगों से बात की।
4 जमानत मिलने के बाद सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन जिस तरह से मीडिया के सामने बातचीत कर रहे हैं,वह सामान्य नहीं है।बॉर्डर पार करने वाली सीमा इतनी सहज कैसे हैं? भारत में रहने के दौरान सीमा बोलचाल में शुद्ध हिंदी और अंग्रेजी शब्दों का इस्तेमाल करती है।
5 असल में सीमा के पास कितने मोबाइल फोन और मोबाइल नंबर है ?सीमा का कहना है कि उसके पास चार मोबाइल फोन थे। यदि ऐसा है तो उसने क्यों रखे थे 4 मोबाइल?
6 पांचवी पास सीमा गुलाम हैदर ऑनलाइन गेम पब्जी बखूबी खेलती थी। गेम में उसने मारिया खान के नाम से आईडी बनाई थी।क्या सीमा हैदर इतनी स्मार्ट है की वह खेल की बारीकियों को समझती है? उसने अपना नाम क्यों बदला था?
7 सीमा ने मोबाइल और सिम होने के बावजूद अन्य लोगों के फोन से हॉटस्पॉट लेकर कॉल क्यों की थी?
8 पाकिस्तान में सीमा के पति ने जिस तरह से दावे किए हैं,उसमें कितना दम है। सीमा का पाकिस्तानी पहचान पत्र 20 सितंबर 2022 को बना है, जिसके अनुसार उसकी उम्र केवल 21 साल है।यह भी संदेह पैदा करता है कि 4 बच्चों की मां की उम्र महज21 है झासाल ही कैसे है?
9 इस तरह सीमा के फर्जी डॉक्यूमेंट भी उसे संदिग्ध बना रहे हैं। सीमा के पास कई पासपोर्ट थे।सवाल यह है कि जब भारत ही आना था तो इतने पासपोर्ट की क्या जरूरत थी?
10 छानबीन में सामने आया है कि सीमा ने पाकिस्तान का सिम तोड़ दिया था यदि ऐसा है तो सिम तोड़ने की वजह क्या थी?
केंद्रीय एजेंसियों ने मांगी रिपोर्ट
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश एटीएस ने सीमा से यह पूछताछ ऐसे समय में की है।जब पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) की एक संदिग्ध एजेंट को एक दिन पहले लखनऊ में पकड़ा गया है। यह एजेंट पाकिस्तान में अपने आकाओं को रक्षा प्रतिष्ठानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहा था। वहीं केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के कान भी खड़े हो गए हैं। एजेंसियों ने एसएसबी और उत्तर प्रदेश पुलिस से सीमा हैदर पर रिपोर्ट मांगी है। सूत्रों की मानें तो ये एजेंसियों सीमा को लेकर काफी सतर्क हो गई है।

