अमृतसर: कट्‌टरपंथी अमृतपाल समर्थकों का थाने पर हमला, पुलिस को ‘धमकी’, बोले- ‘केस रद्द नहीं हुआ तो अंजाम बुरा होगा’

0
389

न्यूज डेस्क
पंजाब के अमृतसर में खालिस्तान समर्थक नेता और ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के हजारों समर्थकों ने गुरुवार को अजनाला थाने के बाहर तलवारों और बंदूकों के साथ पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए। इसके बाद समर्थक अजनाला थाने में घुस गए। इस दौरान पुलिस पर समर्थकों ने पथराव किया। अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने अजनाला पुलिस थाने पर कब्जा कर लिया है। इसमें वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह भी मौजूद है। उन्होंने पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए अपने करीबी लवप्रीत तूफानी को 24 घंटे के अंदर छोड़ने को कहा है।

इस पूरे उपद्रव के बीच ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह ने मीडिया से बात की। अमृतपाल ने प्रशासन को खुली धमकी दी है। इसने कैमरे के सामने साफ कहा कि अगर एक घंटे में उसके साथी को पुलिस नहीं छोड़ती और ये केस खत्म नहीं करती, तो आगे जो कुछ भी होगा उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। अमृतपाल ने कहा कि उसके साथी के ऊपर बस राजनीतिक मकसद से केस दर्ज किया गया।

कौन है अमृतपाल?

दुबई से लौटे अमृतपाल सिंह अभिनेता और कार्यकर्ता दीप सिद्धू द्वारा स्थापित ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख हैं। बता दें कि दीप सिद्धू की पिछले साल फरवरी में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। दीप सिद्धू की मौत के बाद अमृतपाल पार्टी के प्रमुख हैं।

क्या है मामला?

वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के एक साथी लवप्रीत तूफानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। रूपनगर जिले के चमकौर साहिब निवासी वरिंदर सिंह को कथित रूप से अगवा करने और पिटाई करने के आरोप में अमृतपाल सिंह और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।। इस मामले में थाना अजनाला की पुलिस ने अमृतपाल सिंह के एक करीबी सहयोगी लवप्रीत तूफानी को गिरफ्तार किया था।

अमृतपाल ने गृहमंत्री अमित शाह को दी थी धमकी

गौरतलब है कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने हाल ही विवादित बयान दिया था जिसके बाद से वह सुर्खियों में बना हुआ है। दिवंगत पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू की बरसी पर अमृतपाल ने विवादित बयान दिया था। इस दौरान अमृतपाल ने मंच से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को धमकी तक दे डाली थी। अमृतपाल ने कहा कि जो इंदिरा के साथ हुआ वही करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here