बीरेंद्र कुमार झा
भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के उप महानिदेशक राजीव बहल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से राज्यों को एक चिट्ठी लिखी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को फरवरी के मध्य से देश भर में कोरोना के मामलों की संख्या में सिलसिलेवार वृद्धि के बीच कोविड-19 के लिए टेस्टिंग जारी रखने का निर्देश दिया है। वहीं आईसीएमआर के उप महानिदेशक राजीव बहल मौसमी इनफ्लुएंजा के मामले के विकसित होने के कारणों पर कड़ी नजर रखने का सुझाव दिया है,क्योंकि फ्लू और कोविड 19 दोनों में विभिन्न आधारों पर कई प्रकार की समानताएं हैं।
कोविड टेस्ट जारी रखना जरूरी
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने महसूस किया कि कुछ राज्य कोविड -19 के खिलाफ कम प्रभावी रैपिड एंटीजन टेस्टों पर अधिक निर्भर रहे हैं, और यह भी कि जिला और ब्लॉक स्तर पर किए गए परीक्षणों की संख्या में भिन्नता है। पिछले कई हफ्तों में टेस्ट में गिरावट आई है और वर्तमान टेस्ट का स्तर डब्ल्यूएचओ द्वारा निर्धारित अंकों 140 प्रति मिलियन की तुलना में अपर्याप्त है। इसलिए कोरोना के लिए टेस्ट को जारी रखना महत्वपूर्ण है।राजीव बहल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य विभाग के सचिव भी हैं। उन्होंने एक बयान में कहा कि किसी भी उभरते हुए हॉटस्पॉट की पहचान करना और इसके खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करना महत्वपूर्ण है।
भारत में कोरोना के 1500 नए मामले दर्ज
गौरतलब है कि शनिवार को भारत में कोरोना के 1500 नए मामले दर्ज किए गए, जो 146 दिनों में सबसे अधिक है। इसी तरह सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 8601 पहुंच गई है। इसके अलावा कोरोना से छह लोगों की मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 530824 हो गई है।
10- 11 अप्रैल को मॉक ड्रिल
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया की कोरोना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 10 और 11 अप्रैल को देशभर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27 मार्च, सोमवार को होने वाले वर्चुअल बैठक में मॉक ड्रिल का सटीक विवरण राज्यों को सूचित किया जाएगा। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड संक्रमण के प्रसार की जांच करने के लिए ‘ परीक्षण, उपचार, कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने और टीकाकरण के लिए 5 गुना रणनीति लागू करने की सलाह दी थी।

