सरकार ने LPG से PNG पर शिफ्ट होने की रफ्तार को बढ़ाने के लिए खास MyPNG-D पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल की मदद से आपको गैस एजेंसी के चक्कर नहीं मारने पड़ेंगे। आप PNG कनेक्शन होने की सूरत में अपना LPG कनेक्शन आसानी से सरेंडर कर सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि सरकार ने उन लोगों को PNG कनेक्शन लेने के लिए तीन महीने का समय दिया है,जिनके एरिया में गैस पाइपलाइन उपलब्ध है।
ऐसे में लोगों को कनेक्शन लेने और LPG कनेक्शन सरेंडर करने में समस्या न हो इसके लिए MyPNG-D पोर्टल को पेश किया गया है।
पिछले दिनों सरकार ने नियमों में बदलाव करते हुए यह साफ कर दिया है कि जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां लोगों को 3 महीनें में PNG कनेक्शन पर शिफ्ट होना होगा। ऐसा न करने पर LPG सिलेंडर कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। यह फैसला LPG गैस सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए लिया गया है। ऐसे में जिनके पास पहले से PNG कनेक्श है वे इस पोर्टल के जरिए घर बैठे अपना सिलेंडर सरेंडर कर सकते हैं।
MyPNG-D पोर्टल को LPG कनेक्शन को PNG पर शिफ्ट करने को आसान बनाने के लिए पेश किया गया है। इसकी मदद से लोग डिजिटल तरीके से अपना सिलेंडर कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं और PNG कनेक्शन के लिए अप्लाई भी कर सकते हैं। इस पोर्टल को आप MyPNGD.in पर जाकर एक्सेस कर सकते हैं। इस पोर्टल की मदद से लोगों के समय की भी बचत होगी।
MyPNG-D पोर्टल को एक्सेस करने के लिए आपको MyPNGD.in पर जाना होगा और LPG कनेक्शन की उपभोक्ता आईडी की मदद से अकाउंट बनाकर लॉगइन करना होगा।
इसके बाद आपको Switch to PNG के ऑप्शन को चुनना होगा।
अब आपको अपने पुराने कनेक्शन को सरेंडर करने के लिए डिजिटल फॉर्म भरना होगा।
इसके बाद गैस कंपनी आपसे संपर्क करेगी और प्रोसेस पूरा होते ही आपके घर से सिलेंडर कलेक्ट कर लिया जाएगा।

