रूस में फंसे यात्रियों को लाने के लिए रिलीफ फ्लाइट भेजेगी एयर इंडिया

0
94

रूस में फंसे यात्रियों को भारत लाने के लिए टाटा ग्रुप की एयरलाइन्स कंपनी एयर इंडिया रिलीफ फ्लाइट भेज रही है। कंपनी की यह फ्लाइट मुंबई से उड़ान भरेगी। इसके लिए एयर इंडिया ने रेगुलेटरी इजाजत भी ले ली है।एयर इंडिया की दिल्ली-फ्रांसिस्को फ्लाइट में सवार यात्री गुरुवार से ही रूस के क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं।

टाटा ग्रुप की एयरलाइन्स कंपनी एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर जानकारी दी है कि रूस में फंसे यात्रियों को लाने के लिए रिलीफ फ्लाइट भेजी जा रही है।एयर इंडिया ने कहा कि रिलीफ फ्लाइट भेजने के लिए रेगुलेटरी मंजूरी प्राप्त कर ली गई है, जो क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे यात्रियों को ले जाने के लिए मुंबई से रवाना होगी।

दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को गुरुवार को तकनीकी समस्या के कारण रूस के क्रास्नोयार्स्क अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गई थी। एयर इंडिया के स्थानीय कर्मचारियों को उन यात्रियों की सहायता के लिए कहा गया, जिन्हें रूसी वीजा के अभाव में अधिकारियों की टर्मिनल बिल्डिंग में ही रहने के लिए कहा गया था।फ्लाइट नंबर एआई 183 में 225 यात्री और चालक दल के 19 सदस्य सवार थे।

एयर इंडिया ने कहा कि टर्मिनल पर भोजन और पेय सुविधाएं अब खुल गई हैं और सभी यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। खान-पान की सुविधाएं शाम को बंद थीं।एयर इंडिया के अनुसार, मास्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि भी मदद कर रहे हैं और रूसी अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों को होटलों में जाने की अनुमति देने के लिए काम कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here