पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिलिंद देवड़ा ने रविवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुरू होने से ठीक पहले ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया । भारत जोड़ो यात्रा शुरू होने से ठीक पहले मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने की घोषणा करने की टाइम पर भले ही कांग्रेस सवाल उठा रही है और वे यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर होने का आरोप लगा रही है, लेकिन इन सब बातों से बेपरवाह पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद रविवार को ही शिवसेना शिंदे गुट का हाथ थाम लिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद उन्हें अपनी पार्टी शामिल किया।इस दौरान एकनाथ शिंदे ने उन्हें भगवा झंडा भी भेंट किया।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना में शामिल होकर भावुक हुए मिलिंद देवड़ा
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा शिवसेना में शामिल होने के बाद काफी भावुक थे।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है।मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एकनाथ शिंदे जी के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल होने के लिए कांग्रेस के साथ अपने 55 सालों के साथ को छोड़ दूंगा। मिलिंद देवड़ा ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सभी के लिए उपलब्ध हैं ।वह जमीन से जुड़े हुए हैं। देश के लिए मोदी जी और अमित शाह जी का विजन बहुत बड़ा है,इसलिए मैं उनके साथ जुड़ना चाहता था।वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी के पास लोगों से मिलने के लिए उनकी बातों को सुनने के लिए समय नहीं होता था।
मिलिंद देवड़ा ने पीएम मोदी की जमकर प्रशंशा की
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कहा कि बीते 10 सालों में मुंबई में एक भी आतंकी हमला नहीं हुआ है और इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है। मेरा साथ देने वालों का आभार! यह मेरे लिए आसान फैसला नहीं था। उन्होंने कहा कि हमें एक बार फिर मुंबई को आर्थिक राजधानी बनाना है। हमें फाइनेंस के मामले में मुंबई को एक बार फिर और मजबूत करना है।उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बहुत सशक्त हुआ है।
कांग्रेस ने मिलिंद देवड़ा के इस्तीफा पर पीएम मोदी को घेरा
राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली भारत जोड़ी न्याय यात्रा के शुरू होने के ठीक पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा के पार्टी छोड़ने की घोषणा करने की टाइमिंग पर कांग्रेस सवाल उठा रही है।कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया की मिलिंद देवड़ा की पार्टी छोड़ने की घोषणा का समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित किया गया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया की मिलिंद देवड़ा ने शुक्रवार को उनसे फोन पर बात की थी और कहा था कि वह मुंबई साउथ लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के दावे पर राहुल गांधी से बात करना चाहते हैं। मिलिंद देवड़ा और उसके पिता मुरली देवड़ा दोनों मुंबई साउथ से सांसद रह चुके हैं। लेकिन जयराम रमेश ने यह भी कहा कि इससे पूर्व की राहुल गांधी से कोई बात हो,मिलिंद देवड़ा ने रविवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी क्योंकि वह पहले से ही इस बात के लिए तैयार थे।

