न्यूज डेस्क
अमेरिका के बैंकों में कोहराम मचा हुआ है। सिलिकॉन वैली बैंक और सिग्नेचर बैंक के डूबने के बाद अब इस लिस्ट तीसरा बैंक भी शामिल हो गया। फर्स्ट रिपब्लिक बैंक भी डूबने की कगार पर है। महज एक सप्ताह में 3 बैंकों का बिखर जाना किसी भी देश के लिए काफी भयानक स्थिति पैदा कर सकता है। आर्थिक मंदी की शुरुआत के तौर पर इसे इसलिए देखा जा रहा है, क्योंकि साल 2008 की मंदी में भी बैंक के क्रैश होने के बाद ऐसे ही हालात देखने को मिले थे।
फर्स्ट रिपब्लिक बैंक के स्टॉक में बीते एक महीने में 70 फीसदी गिरावट
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, फर्स्ट रिपब्लिक बैंक के स्टॉक में बीते एक महीने में 70 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है। 13 मार्च को फर्स्ट रिपब्लिक बैंक स्टॉक का भाव 19 डॉलर प्रति शेयर के निचले स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि बाइडन सरकार के आश्वासन के बाद और क्षेत्रीय बैंकों द्वारा इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों के बाद 14 मार्च को फर्स्ट रिपब्लिक बैंक के शेयरों में तेजी देखी गई। लेकिन निवेशकों में इस बैंक को लेकर चिंता बढ़ गई है।

5 दिन में 147 से 17.53 डॉलर के निचले स्तर पर पहुंचे बैंक के शेयर
2 फरवरी 2023 को फर्स्ट रिपब्लिक बैंक के एक शेयर का मूल्य 147 डॉलर था। बीते 8 मार्च को इस बैंक के एक शेयर का मूल्य 115 डॉलर था। महज 5 दिन में बैंक की हालत खस्ता हो गई और यह सोमवार को 17.53 डॉलर तक के निचले स्तर तक पहुंच गया था। हालांकि मंगलवार को फर्स्ट रिपब्लिक बैंक के शेयर उम्मीद से अधिक उठे और बाजार बंद होने तक ये लगभग 40 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच गया।
मूडीज ने 6 बैंकों को अंडर रिव्यू में रखा
रेटिंग एजेंसी मूडीज ने अमेरिका के छह अमेरिकी बैंकों को अंडर रिव्यू रखा है, उसमें फर्स्ट रिपब्लिक बैंक का नाम भी शामिल है। इसके अलावा जिओन्स बैनकॉपोरेशन, वेस्टर्न एलिएंस बैनकॉर्प, कॉमेरिका इंक, यूएमबी फाइनेंशियल कॉर्प और इंट्रस्ट फाइनेंशियल कॉर्पोरेशन को अंडर रिव्यू में रखा है। इसके साथ ही क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने इनकी रेटिंग को भी डाउनग्रेड कर दिया है।
बैंक ने कहा ‘हमारे पास बैंक चलाने के लिए पर्याप्त नगदी
फर्स्ट रिपब्लिक बैंक ने अपने बचाव में कहा है कि उसके पास बैंक को चलाने के लिए पर्याप्त नगदी है। इसने अतिरिक्त नगदी के लिए फेड और जेपी मॉर्गन से हाथ मिलाया है। इससे पहले सोमवार को वेस्टर्न एलायंस ने बताया था कि बैंक के पास 25 बिलियन डॉलर से ज्यादा की नगदी उपलब्ध है।
