बीरेंद्र कुमार झा
उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी माफिया अतीक के बेटे असद अहमद और उसके साथ शूटर गुलाम मोहम्मद को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। वहीं अतीक अहमद के बेटे असद अहमद के एनकाउंटर के बाद प्रयागराज में पुराने शहर में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस की टीमें पुराने शहर में लगातार गश्त कर रही हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर आने वाले हैं मैसेजों पर भी नजर रखी जा रही है।इस बीच अतीक अहमद के बेटे असद की एनकाउंटर में हुए मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है ।
बीजेपी की प्रतिक्रिया
यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मिट्टी में मिला दिया… STF टीम को बधाई!’ वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी सीएम योगी के सदन में दिए बयान का जिक्र करते हुए ट्वीट किया, ‘इस सदन में कह रहा हूं इस माफिया को मिट्टी में मिला देंगे – योगी आदित्यनाथ जी… कह दिया तो कह दिया।
बीएसपी सुप्रीमो मायावती की प्रतिक्रिया
पूर्व सीएम मायावती ने इस एनकाउंटर को लेकर योगी सरकार से उच्च-स्तरीय जाँच की मांग की है। मायवती ने असद अहमद के एनकाउंटर पर ट्वीट कर लिखा- “प्रयागराज के अतीक अहमद के बेटे व एक अन्य की आज पुलिस मुठभेड़ में हुई हत्या पर अनेकों प्रकार की चर्चायें गर्म हैं।लोगों को लगता है कि विकास दुबे काण्ड के दोहराए जाने की उनकी आशंका सच साबित हुई है।अतः घटना के पूरे तथ्य व सच्चाई जनता के सामने आ सके इसके लिए उच्च-स्तरीय जाँच जरूरी।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार का प्रेस कॉन्फ्रेंस
अतीक अहमद के बेटे असद के एनकाउंटर के बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि माफिया के खिलाफ सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूपी में अब तक पुलिस मुठभेड़ मे 183 अपराधी मारे जा चुके हैं। इसके साथ ही 13 पुलिसकर्मी भी शहीद हुए हैं।
अत्याधुनिक विदेशी हथियार किए बरामद
यूपी के स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि ऐसी सूचना थी अतीक को छुड़ाने के प्रयास किया जा सकता था, हम पूरी तरह तैयार थे हमने तैयारी की थी। एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों के पास से अत्याधुनिक विदेशी हथियार, ब्रिटिश बुलडॉग रिवॉल्वर 455 बोर और वॉल्थर पिस्टल 7.62 बोर बरामद किए गए हैं।
अतीक अहमद की प्रतिक्रिया
उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पांच लाख के इनामी असद अहमद के एनकाउंटर के बाद अतीक अहमद की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उसने भावुक स्वर में बेटे की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया। अतीक ने सवाल किया कि बेटे के पार्थिव शरीर को कहां दफनाया जाएगा? एक पिता के लिए सबसे बड़ा दुख बेटे की मौत होता है। बेटे की मौत के पीछे जब कारण खुद हो तो फिर इसी प्रकार की बात सामने आती है। आज अतीक के कंधे झुके हुए थे। वह भावुक था। दूसरों को अपने कृत्यों से रुलाने वाला माफिया खुद रो रहा था। अपने किए पर पछता रहा था।
असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया
हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्या बीजेपी जुनैद और नासिर की हत्या करने वालों का भी ऐसे ही एनकाउंटर करेगी? नहीं, क्योंकि बीजेपी मजहब के नाम पर एनकाउंटर करती है।आप कानून को कमजोर करना चाहते हैं। संविधान का एनकाउंटर करते हैं।
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि झूठे एनकाउंटर करके बीजेपी सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। बीजेपी न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं।आज के हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जांच-पड़ताल हो व दोषियों को छोड़ा न जाए। सही-गलत के फैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है। बीजेपी भाईचारे के खिलाफ है।

