नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा,लालू से मुलाकात, क्या कांग्रेस से भी बनेगी बात

0
187

बीरेंद्र कुमार झा

2024 ईस्वी में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर नीतीश कुमार एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से दूर रखने के लिए विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास में नीतीश कुमार इस समय दिल्ली दौरे पर हैं। कई सियासी दलों के प्रमुख ने नीतीश कुमार का साथ दिया है ,लेकिन कांग्रेस का स्टैंड अभी तक क्लियर नहीं हो सका है। हाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने उन्हें फोन किया और दोनों के बीच कुछ सियासी बातचीत भी हुई। ऐसे में दिल्ली दौरे पर नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से मुलाकात कर एक बार फिर से सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया कि शायद नीतीश कुमार लालू यादव के साथ मिलकर इस बार कांग्रेस को पटाने में सक्षम हो जाएं।।

लालू यादव से मुलाकात

जनता दल यूनाइटेड ने नीतीश कुमार को 2024 ईस्वी के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर रखने के लिए विपक्षी राजनीतिक दलों के एकीकरण के लिए नीतीश कुमार को अधिकृत किया है।इसी क्रम में बजट सत्र पूरा करने के बाद नीतीश कुमार अब दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली में उन्होंने मंगलवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से मीशा भारती के आवास पर मिले जहां इस समय वे रह रहे हैं। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार कांग्रेस से भी नीतीश कुमार की बातचीत हो सकती है और अन्य विपक्षी दल के नेताओं के साथ बातचीत पिछली मुलाकात से आगे बढ़ सकती है।

कांग्रेस से बनेगी बात!

2024 ईस्वी के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से रोकने के उद्देश्य से विपक्षी राजनीतिक दलों के एकीकरण के काम में नीतीश कुमार पहले से ही जुटे हुए हैं।इस क्रम में उनकी कई विपक्षी राजनीतिक दल के प्रमुख के साथ बातचीत भी हुई, लेकिन कांग्रेस से अब तक उनकी कोई सकारात्मक बातचीत नहीं हो पाई है। कहा जाता है कि कांग्रेस नीतीश कुमार से सभी विपक्षी दलों को आगामी लोकसभा चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ने के लिए तैयार कराने की बात कहती है। वहीं नीतीश कुमार की तरफ से हर बार यह स्पष्ट किया जाता रहा है कि वे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनने के लिए व्याकुल नहीं है। उनका उद्देश्य केवल विपक्षी दलों को एकजुट करना है। इस बार कुछ दिन पूर्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे का फोन आने के बाद नीतीश कुमार ने कहा था कि बाद में वे दोनों नेताओं के बीच हुई बातों की जानकारी सार्वजनिक करेंगे।ऐसे में संभव है कि आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनकी मुलाकात हो जाए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here