- बीरेंद्र कुमार झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभ्यारण में रविवार सुबह जंगल सफारी का लुफ्त उठाया। वे प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के सिलसिले में चामराजनगर पहुंचे थे।जंगल सफारी के दौरान मोदी ने धारीदार सफारी वस्त्र और हैट पहन रखा था। बताया जाता है कि उन्होंने बाघ अभ्यारण में सफारी के दौरान करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय की।

बाघ अभ्यारण का आनंद उठाने के बाद पीएम मोदी ने किया ट्वीट
बाघ अभयारण्य का आनंद उठाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया,सुबह सुंदर बांदीपुर बाघ अभ्यारण्य में बिताई और भारत के वन्य जीवन की विविधता की झलक देखी।

पीएम मोदी ने बाघों की आबादी का जारी किया आंकड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू में बाघों की आबादी को लेकर नवीनतम आंकड़ा जारी किया और बताया कि 2022 में भारत में बाघों की संख्या 3167 थी। उन्होंने बताया कि 2006 में बाघों की आबादी 1411, 2010 में 1706, 2014 में 2226,2018 में 2967 और 2022 में 3167 थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस की की शुरुआत
प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA)की शुरुआत भी की। आईबीसीए का उद्देश्य बाघ और शेर समेत दुनिया की बिग कैट परिवार की 7 प्रजातियों की रक्षा एवं संरक्षण करना है।

मोदी ने अमृतकाल का टाइगर विजन नाम की एक पुस्तक का विमोचन भी किया, जो अगले 25 वर्षों में देश में बाघों के संरक्षण की दृष्टिकोण को पेश करती है।

