बीरेंद्र कुमार झा
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के सरेंडर करने की खबर सामने आ रही है। प्राप्त खबरों के अनुसार अमृतपाल सिंह गुरुद्वारे में सरेंडर करने की कोशिश में है।इस खबर के सामने आने के बाद पंजाब पुलिसअलर्ट हो गई है। होशियारपुर में सादी वर्दी में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
स्वर्ण मंदिर के आसपास पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
अमृतपाल के सरेंडर की खबर के बाद पंजाब पुलिस ने स्वर्ण मंदिर के आसपास फ्लैग मार्च किया डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर परविंदर सिंह भंडार ने बताया कि पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के आसपास पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है।उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करना है कि स्वर्ण मंदिर की ओर जाने वाले किसी भी मार्ग पर कोई बाधा न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे।
अमृतपाल को पुलिस ने होशियारपुर में घेरा
पंजाब पुलिस ने होशियारपुर के एक गांव में भगोड़े अलगाववादी अमृतपाल सिंह और उसके सहयोगियों के मौजूद हो सकने की जानकारी मिलने के बाद, इस इलाके में घर-घर जाकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।पुलिस द्वारा पीछा करने के बाद कुछ संदिग्ध अपनी कार छोड़कर भाग गए थे, जिसके बाद मंगलवार देर रात मरनीया गांव में और इसके आसपास तलाशी अभियान शुरू किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस को यह संदेशा था कि भगोड़ा अमृतपाल और उसके सहयोगी उस कार में यात्रा कर रहे थे। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने फगवाड़ा में उस कार का पीछा किया। उन्होंने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि वाहन में 4 लोग सवार थे और यह लोग यहां मरनियां कला में गुरद्वारा भाई चंचल सिंह के निकट अपनी कार छोड़कर भाग गए । गांव की रात को घेरा बंदी की गई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।इसके अलावा सड़कों पर जांच चौकियां और अवरिधक लगाए गए हैं।
18 मार्च से फरार है अमृतपाल सिंह
अमृतलाल और उसके सहयोगियों ने एक गिरफ्तार व्यक्ति की रिहाई की मांग को लेकर अमृतसर के निकट अजनाला थाने पर धावा बोल दिया था। इस घटना के करीब 3 सप्ताह बाद 18 मार्च को पुलिस ने उसके और उसके खालिस्तान समर्थक’ वारिस पंजाब दे’ संगठन के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। उसके बाद से वह फरार है। वह 18 मार्च को जालंधर जिले से भाग निकला था। अमृतपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ घृणा फैलाना, हत्या के प्रयास, पुलिस कर्मियों पर हमले और लोकसेवकों के कर्तव्य निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने से संबंधित कई आपराधिक आरोपों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
अमृतपाल का सामने आया नया वीडियो
अमृतपाल सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपने प्रमुख सहयोगी पपलप्रीत सिंह के साथ दिख रहा है। वीडियो में अमृतपाल सिंह बिना पगड़ी के और मास्क पहने हुए दिख रहा है।इससे पहले भी उसके कई वीडियो और फोटो वायरल हो चुके हैं, जिसमें वह देश बदल बदल कर नजर आ रहा है। पुलिस ने भी उसकी कई तस्वीरें जारी की है।

