- बीरेंद्र कुमार झा
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। महामहिम द्रौपदी मुर्मू के लिए नेताजी इंडोर स्टेडियम में सिविक रिसेप्शन प्रोग्राम रखा गया था।इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति
इस कार्यक्रम की शुरुआत वेलकम सॉन्ग के साथ हुई जहां चुनिंदा गायकों ने मधुर आवाज में स्वागत गान की प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी नगाड़ा बजाती और ताल से ताल मिलाती दिखीं। इसके बाद बंगाल के लोक कलाकारों ने आदिवासी गाने के साथ नृत्य की भी प्रस्तुति दी।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस कार्यक्रम में आदिवासी नृत्य किया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू काफी आनंदित दिखीं।
राष्ट्रपति को दिए गए भेंट
नृत्य और संगीत की प्रस्तुति के बाद पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शॉल उड़ाकर सम्मान के साथ भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें मां दुर्गा की भव्य मूर्ति भेंट की। इसके साथ ही थीम आफ बंगाल गोइंग ग्लोबल भी स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर ने उन्हें मिमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं कोलकाता हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने भी राष्ट्रपति को सम्मानित किया। इसके अलावा कई अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया और भेंट स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
विश्व भारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आई हैं। यहां उनका भव्य स्वागत हुआ। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू का यह पहला पश्चिम बंगाल दौरा है। सोमवार को राष्ट्रपति का शेड्यूल्ड काफी व्यस्त रहा। मंगलवार को भी राष्ट्रपति कई कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगी।इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विश्व भारती विश्वविद्यालय के पारंपरिक दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।

