बीरेंद्र कुमार झा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सरकार द्वारा आवंटित बंगला खाली करने का नोटिस भेजा गया है। लोकसभा से अयोग्य घोषित होने के बाद अब लोकसभा आवास समिति ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सरकार द्वारा आवंटित बंगला खाली करने का नोटिस दिया है। दिनांक 23- 04- 2023 से शासकीय बंगले का आवंटन निरस्त किया जाएगा।
दिल्ली के लुटियंस जोन में रहते हैं राहुल गांधी
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 2004 ईस्वी में अमेठी से लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद 12 तुगलक लेन बंगला आवंटित किया गया था। जिसे अब उन्हें खाली करना पड़ेगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी को 22 अप्रैल तक बंगला खाली करने के लिए कहा गया है ।
प्रियंका गांधी को भी खाली करना पड़ा था बंगला
आवासन और शहरी विकास मंत्रालय के एक अधिकारी ने पिछले दिनों कहा था कि चूंकि राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है,इसलिए वह सरकारी आवास में रहने के हकदार नहीं हैं। नियमों के अनुसार अयोग्यता आदेश की तारीख से 1 महीने के भीतर अपना आधिकारिक बंगला खाली करना होगा। गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को जुलाई 2020 में लोधी एस्टेट स्थित अपना आधिकारिक बंगला खाली करना पड़ा था, क्योंकि उनकी सुरक्षा कम किए जाने के बाद वे इसके लिए पात्र नहीं थी।
राहुल गांधी का कोई घर नहीं
राहुल गांधी ने कांग्रेस के रायपुर महाधिवेशन के आखिरी दिन सभा को संबोधित करते हुए एक भावुक भाषण दिया था ।अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा था कि वे 52 साल के हो गए हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई घर नहीं है।
कांग्रेस नेता को अयोग्य ठहराया गया
केरल की वायनाड सीट से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने 2019 के मानहानि के एक मामले में 2 साल जेल की सजा सुनाई। इसके बाद शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी की गई जिसमें कहा गया कि उनका अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा।
गौरतलब है कि गुजरात के सूरत की एक अदालत ने यह फैसला ‘ मोदी उपनाम’ संबंधी टिप्पणी को लेकर दिया था। हालांकि इसके बाद राहुल गांधी को जमानत भी दे दी गई थी।

