न्यूज डेस्क
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर -गावस्कर (Border-Gavaskar Test Series) टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium)में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 480 रन बनाए हैं। इसके जवाब में भारत ने 571 रन बनाए और 91 रन की बढ़त ली। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3/0 है। भारत के पास अभी भी 88 रन की बढ़त है।

मैच का चौथा दिन पूरी तरह टीम इंडिया और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम रहा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में विराट ने 1205 दिन, 23 मैच और 41 पारियों के बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक जमाया। विराट की 186 रनों की मैराथन पारी के दम पर भारत ने अपनी पहली पारी में 571/9 का स्कोर बनाया। विराट भारतीय पारी में आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। चोटिल श्रेयस अय्यर (shreyas iyer) बल्लेबाजी के लिए नहीं आए।

1205 दिन बाद कोहली का शतक
कोहली ने 23 नवंबर 2019 को आखिरी बार बांग्लादेश के खिलाफ 27वां टेस्ट शतक जमाया था। यह उनका 28वां टेस्ट शतक है। अब कोहली के नाम 75 इंटरनेशनल शतक हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट में 28, वनडे में 46 और टी-20 इंटरनेशनल में एक शतक जमाया है।

अक्षर पटेल ने खेली शानदार पारी
मैच के चौथे दिन अक्षर पटेल (Akshar Patel)ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 79 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 छक्के लगाए और विराट के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी भी की। पांचवां विकेट श्रीकर भरत के रूप में गिरा। वे 44 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नाथन लायन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब के हाथों कैच कराया। भरत ने कोहली के साथ 84 रन की साझेदारी की। इससे पहले, रवींद्र जडेजा 23 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने कोहली के साथ 170 बॉल पर 64 रन की साझेदारी की।
