Delimitation Bill 2026: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, परिसीमन विधेयक को हरी झंडी; महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन को भी मंजूरी

0
3

Delimitation Bill 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को मंजूरी दे दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक समान अनुपात में बढ़ाने की व्यवस्था है। सीटों के नए अनुपात की सीमा 2051 तक बनाए रखने की बात भी कही गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है।

सरकार अब 30 नवंबर से शुरू हो रही लोकसभा की बैठक और 2 दिसंबर से होने वाली राज्यसभा की कार्यवाही में इन विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा। सूत्रों का दावा है कि सरकार ने समर्थन के लिए जरूरी संख्या जुटा ली है और उसके पास करीब 355 सांसदों का साथ है।

हालांकि, इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के बीच मतभेद और राजनीतिक टकराव भी सामने आ रहे हैं। डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने की मांग दोहराई है। वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार के कदम को संविधान पर हमला बताते हुए विरोध का ऐलान किया है।

कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी नेताओं ने विधेयक की प्रक्रिया और मंशा पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, एनसीपी (शरद पवार) की ओर से विधेयक के समर्थन की संभावना जताई जा रही है, जबकि आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन किया है।

अब सबकी निगाहें संसद के आगामी सत्र पर हैं, जहां परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को बहुमत साबित करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here