पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री और उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि हाई फैट, हाई शुगर और हाई साल्ट वाले खाद्य उत्पादों पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाए जाएं। कोर्ट ने कहा कि उपभोक्ताओं को उत्पाद की पोषण संबंधी जानकारी आसानी से समझ में आनी चाहिए।इसके साथ ही बच्चों में पोषण जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में विशेष कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया है।
जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए. अदालत ने कहा कि जिन खाद्य उत्पादों में फैट, शुगर या नमक की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक है, उनके पैकेट के सामने लाल रंग का अलग-अलग हेक्सागोन चेतावनी चिन्ह लगाया जाए।
पीठ ने कहा कि यदि किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्व तय सीमा से अधिक हैं तो प्रत्येक के लिए अलग चेतावनी चिन्ह अनिवार्य होगा।एक ही चेतावनी चिन्ह में कई पोषक तत्वों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
अदालत ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (लेबलिंग एंड डिस्प्ले) रेगुलेशंस, 2020 सहित खाद्य लेबलिंग से जुड़े मौजूदा नियमों को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाए।कोर्ट का मानना है कि सही और स्पष्ट सूचना मिलने से उपभोक्ता बेहतर निर्णय ले सकेंगे और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को समझ पाएंगे।
अदालत ने केंद्र सरकार से स्कूल पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव करने तथा छात्रों के लिए इंटरैक्टिव वर्कशॉप, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार करने को कहा।
मामले की सुनवाई के दौरान FSSAI ने संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसमें किसी एक पोषक तत्व की निर्धारित सीमा पार होने पर भी चेतावनी लेबल लगाने का प्रावधान किया गया। प्रस्ताव के अनुसार पैकेट के सामने लाल रंग का हेक्सागोन चिन्ह होगा, जिसे सफेद पृष्ठभूमि पर प्रदर्शित किया जाएगा।एफएसएसएआई के प्रस्ताव के अनुसार, खाद्य उत्पादों में पोषक तत्वों की अधिकतम सीमा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (National Institute of Nutrition) द्वारा जारी वर्ष 2024 की आहार संबंधी दिशानिर्देशों (Dietary Guidelines) के आधार पर तय की जाएगी। इसके अलावा, जिन उत्पादों में नॉन-कैलोरिक स्वीटनर का उपयोग किया गया है, उनके पैकेट पर अलग से ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ (नॉन-कैलोरिक स्वीटनर युक्त) चेतावनी अंकित करने का भी प्रस्ताव है।

